उड़ान या सजा? स्पाइसजेट फ्लाइट में 90 मिनट बिना AC तड़पते रहे यात्री, मचा हंगामा

उड़ान या सजा? स्पाइसजेट फ्लाइट में 90 मिनट बिना AC तड़पते रहे यात्री, मचा हंगामा
February 10, 2026 at 3:24 pm

मुंबई से गोवा (मोपा एयरपोर्ट) जाने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट SG1082 यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बन गई। यात्रियों का आरोप है कि टेकऑफ से पहले विमान को करीब डेढ़ घंटे तक बिना पर्याप्त एयर कंडीशनिंग के खड़ा रखा गया, जिससे केबिन के अंदर हालात बेहद खराब हो गए। गर्मी और उमस के कारण कई यात्रियों को सांस लेने में दिक्कत तक महसूस हुई।

‘मेटलओवन’ बना विमान

यात्रियों का कहना है कि बंद विमान में AC प्रभावी ढंग से काम नहीं कर रहा था, जिससे अंदर का तापमान तेजी से बढ़ गया। सोशल मीडिया पर नाराज़ यात्रियों ने विमान को “लोहे का तंदूर” बताते हुए एयरलाइन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। कुछ यात्रियों ने इसे सीधे तौर पर सुरक्षा के साथ खिलवाड़ बताया।

अंबादास दानवे ने उठाए गंभीर सवाल

उद्धव ठाकरे गुट के नेता अंबादास दानवे ने इस घटना को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि अगर इतनी गर्मी में किसी यात्री की तबीयत बिगड़ जाती, तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेता? उन्होंने नागरिक उड्डयन मंत्रालय और मुंबई एयरपोर्ट प्रशासन को टैग करते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की।

यात्रियों में गुस्सा, सरकार से कार्रवाई की मांग

घटना के बाद यात्रियों में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। उनका कहना है कि डीजीसीए यात्रियों की सुविधाओं को लेकर सख्ती की बात करता है, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात इसके उलट हैं। यात्रियों ने स्पाइसजेट के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।

क्या बोली स्पाइसजेट?

स्पाइसजेट की ओर से जारी बयान में कहा गया कि फ्लाइट तय समय पर तैयार थी, लेकिन मुंबई एयरपोर्ट पर ट्रैफिक कंजेशन के कारण उड़ान में देरी हुई। एयरलाइन का दावा है कि इस दौरान विमान का एयर कंडीशनिंग सिस्टम चालू था, हालांकि मुंबई के गर्म और आर्द्र मौसम के कारण कुछ यात्रियों को असुविधा हुई। कंपनी ने यात्रियों से हुई परेशानी के लिए खेद जताया और कहा कि यात्रियों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।