ईरान के मिनाब में गर्ल्स स्कूल पर मिसाइल हमला, 57 छात्राओं की मौत; युद्ध अपराध को लेकर उठे सवाल

ईरान के मिनाब में गर्ल्स स्कूल पर मिसाइल हमला, 57 छात्राओं की मौत; युद्ध अपराध को लेकर उठे सवाल
February 28, 2026 at 7:04 pm

ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव के बीच दक्षिणी ईरान के मिनाब शहर से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। होर्मोजगान प्रांत में स्थित एक प्राथमिक कन्या विद्यालय पर कथित मिसाइल हमले में पांच छात्राओं की मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब स्कूल में नियमित कक्षाएं चल रही थीं।

ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी ‘इरना’ (IRNA) के अनुसार, मिसाइल सीधे स्कूल परिसर में गिरी, जिससे कई छात्राएं गंभीर रूप से घायल भी हुई हैं। स्थानीय प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।

इजरायल पर लगाया आरोप

ईरानी मीडिया ने इस हमले के लिए सीधे तौर पर इजरायल को जिम्मेदार ठहराया है। हालांकि, इजरायली सेना (IDF) की ओर से इस विशेष घटना पर अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

अब तक अमेरिका और इजरायल का दावा रहा है कि उनके हमले केवल सैन्य ठिकानों और परमाणु प्रतिष्ठानों तक सीमित हैं। लेकिन स्कूल जैसे नागरिक स्थल पर हमले की खबर ने इन दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रणनीतिक रूप से अहम है मिनाब

मिनाब शहर होर्मोज जलडमरूमध्य के नजदीक स्थित है, जो वैश्विक तेल व्यापार का एक महत्वपूर्ण मार्ग माना जाता है। इस क्षेत्र में बढ़ती सैन्य गतिविधियां अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता का विषय बन चुकी हैं।

ईरान ने दी कड़े जवाब की चेतावनी

घटना के बाद ईरान ने ‘कड़ा बदला’ लेने की चेतावनी दी है। सोशल मीडिया पर घटना की तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिससे आम नागरिकों में गुस्सा बढ़ता जा रहा है। कई इलाकों में अभिभावक एहतियात के तौर पर अपने बच्चों को स्कूल भेजने से बच रहे हैं।

क्या यह युद्ध अपराध है?

अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून के तहत स्कूल, अस्पताल और धार्मिक स्थल ‘सुरक्षित क्षेत्र’ माने जाते हैं। ऐसे स्थानों पर हमला करना युद्ध अपराध की श्रेणी में आ सकता है। इस घटना के बाद अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठनों की नजरें भी इस मामले पर टिक गई हैं।

मौजूदा हालात में क्षेत्रीय तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। यदि हालात काबू में नहीं आए, तो इसका असर पूरे पश्चिम एशिया की सुरक्षा और वैश्विक तेल बाजार पर पड़ सकता है।