प्रभसिमरन की धुंआधार बल्लेबाजी और अर्शदीप एवं उमरजई की घातक गेंदबाजी की बदौलत पंजाब ने लखनऊ को 37 रन से रौंदा, आयुष बडोनी (74) का शानदार पचासा।

प्रभसिमरन की धुंआधार बल्लेबाजी और अर्शदीप एवं उमरजई की घातक गेंदबाजी की बदौलत पंजाब ने लखनऊ को 37 रन से रौंदा, आयुष बडोनी (74) का शानदार पचासा।

PBKS vs LSG – IPL 2025 (54 of 74): आज 4 मई को आईपीएल 2025 का 54वां मुकाबला पंजाब किंग्स (PBKS) और लखनऊ सुपर जाएंट्स (LSG) के बीच धर्मशाला के HPCA स्टेडियम में खेला गया। लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 236 रन बनाए। जवाब में लखनऊ की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर सिर्फ 199 रन ही बना सकी और पंजाब से 37 रनों से यह मैच हार गई। प्रभसिमरन सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब की शुरुआत झटके के साथ हुई। आकाश सिंह ने पहले ही ओवर में प्रियांश आर्या को अपना शिकार बना लिया। वह सिर्फ 1 रन बना सके। इसके बाद मोर्चा प्रभसिमरन सिंह और जोश इंग्लिस ने संभाला। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 48 रन की साझेदारी हुई। विकेटकीपर बल्लेबाज इंग्लिस को आकाश सिंह ने ही पवेलियन लौटाया। वह 1 चौका और 4 छक्के की मदद से 30 रन बनाकर आउट हुए।

50 रन पर 2 विकेट खो चुकी पंजाब को श्रेयस अय्यर और प्रभसिमरन सिंह ने संभाला। दोनों ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए तीसरे विकेट के लिए 78 रन जोड़े। दिग्वेश राठी ने कप्तान अय्यर को मयंक यादव के हाथों कैच आउट कराया। वह 25 गेंदों में 45 रन बनाकर लौटे। प्रभसिमरन ने 6 चौके और 7 छक्के की मदद से सर्वाधिक 91 रन बनाए। पंजाब के लिए नेहल वढेरा ने 16 रन बनाए जबकि शशांक और स्टोइनिस क्रमश: 33* और 15* रन बनाकर नाबाद रहे। लखनऊ के लिए आकाश सिंह और दिग्वेश राठी ने 2-2 विकेट लिए जबकि प्रिंस यादव को 1 सफलता मिली।

237 रनों के असंभव से लक्ष्य पीछा करते हुए लखनऊ की शुरुआत बहुत खराब रही। एक बाद एक 3 विकेट लखनऊ ने 27 रन पर खो दिए। लखनऊ को पहला झटका अर्शदीप सिंह ने दिया। उन्होंने मिचेल मार्श को अपना शिकार बनाया। वह खाता भी नहीं खोल पाए। लखनऊ को दूसरा झटका भी अर्शदीप सिंह ने दिया। उन्होंने एडेन मार्करम को बोल्ड किया। वह 13 रन बना पाए। उन्होंने तीसरा झटका निकोलस पूरन के रूप में दिया। वह सिर्फ 6 रन बना सके। लखनऊ को चौथा झटका अजमतुल्लाह उमरजई ने दिया। उन्होंने ऋषभ पंत को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ 18 रन बना पाए।

उमरजई ने लखनऊ को पांचवां झटका दिया। डेविड मिलर सिर्फ 11 रन बना पाए। अब्दुल समद 45 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें मार्को यानसेन ने अपना शिकार बनाया। आयुष बडोनी शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। उन्होंने 32 गेंदों में सत्र का दूसरा पचासा जड़ा। आयुष बडोनी 74 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें चहल ने अपना शिकार बनाया। पंजाब के लिए अर्शदीप ने 3 और उमरजई ने 2 विकेट झटके। इसके अलावा मार्को यानसेन और युजवेंद्र चहल को 1-1 सफलता मिली।