बुर्किना फासो में आतंकियों ने किया नरसंहार, एक दिन में 100 से अधिक लोगों को मौत के घाट उतारा, अलकायदा से जुड़े एक संगठन ने ली हमले की जिम्मेदारी।

बुर्किना फासो में आतंकियों ने किया नरसंहार, एक दिन में 100 से अधिक लोगों को मौत के घाट उतारा, अलकायदा से जुड़े एक संगठन ने ली हमले की जिम्मेदारी।

Terrorist Attack In Burkina Faso: दुनिया के विभिन्न देशों में आतंकी घटनाएं समय समय पर होती रहीं हैं। अभी हाल में भारत के पहलगाम में आतंकी हमला हुआ जिसमें 26 निर्दोष लोग मारे गए। अब अफ्रीका के साहेल क्षेत्र में स्थित उत्तरी बुर्किना फासो में बड़ा आतंकी हमला हुआ है जिसमें 100 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। सहायता कर्मी और स्थानीय निवासियों से मिली जानकारी के मुताबिक, मारे गए लोगों में अधिकतर सैनिक थे। ये हमला रविवार को सुबह के समय हुआ। जिहादी समूह ने एक सैन्य अड्डे और लंबे समय से घेरे गए रणनीतिक शहर जिबो समेत कई जगहों को निशाना बनाया है।

इस संगठन ने ली हमले की जिम्मेदारी

उत्तरी बुर्किना फासो में ये आतंकी हमला अल-कायदा से जुड़े एक जिहादी समूह- जमात नस्र अल-इस्लाम वाल-मुस्लिमीन या JNIM ने किया है। इस संगठन ने इस आतंकी हमले की जिम्मेदारी भी ली है। ये आतंकी संगठन अफ्रीका के साहेल क्षेत्र में सक्रिय माना जाता है। बता दें कि बीते कुछ समय से बुर्किना फासो को हिंसक उग्रवाद के लिए वैश्विक हॉटस्पॉट के रूप में जाना जा रहा है।

आतंकियों ने किया 8 इलाकों पर एक साथ हमला

अफ्रीका के साहेल क्षेत्र में स्थित बुर्किना फासो की आबादी करीब 23 मिलियन की है। यह देश फिलहाल सुरक्षा संकटों से बुरी तरह घिरा है। रविवार को आतंकियों ने सुबह 6 बजे अलग-अलग जगहों पर एक साथ आतंकी हमलों की शुरुआत की। आतंकियों ने बुर्किना फासो वायु सेना को तितर-बितर करने के लिए एक साथ 8 इलाकों पर हमला किया था।

मुख्य हमला जिबो में हुआ

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आतंकियों ने मुख्य हमला जिबो में किया। उन्होंने वहां पर सैन्य शिविरों और आतंकवाद निरोधी यूनिट के कैंप पर हमला करने से पहले शहर के सभी एंट्री गेट्स पर कंट्रोल हासिल कर लिया था। बता दें कि इससे पहले भी जिबो शहर पर हमला हुआ था। लेकिन उस समय देश के सुरक्षा बलों ने चरमपंथियों को सफलतापूर्वक बाहर खदेड़ दिया था। देश में इस समय सैन्य शासन है और सैन्य बलों के ऊपर भी आम लोगों की हत्या करने का आरोप लगते रहे हैं।