हिमाचल प्रदेश में 18 जगह फटे बादल, 21 लोगों की मौत, 400 लोग बचाए गए, 50 से अधिक अब भी लापता, कांगड़ा और कुल्लू में उड़ानें रद्द, स्कूल कॉलेज भी बंद।

हिमाचल प्रदेश में 18 जगह फटे बादल, 21 लोगों की मौत, 400 लोग बचाए गए, 50 से अधिक अब भी लापता, कांगड़ा और कुल्लू में उड़ानें रद्द, स्कूल कॉलेज भी बंद।
July 2, 2025 at 6:48 am

Cloud Burst In Himachal Pradesh: हिमाचल प्रदेश में 1-2 जगह नहीं सोमवार (30 जून) रात को 17 जगह बादल फटे। राज्य के मंडी जिले में 15, जबकि कुल्लू और किन्नौर जिले में 1-1 जगह बादल फटा। मंडी जिले में कई जगह बादल फटने और मूसलाधार बारिश होने से ब्यास नदी और नालों ने रौद्र रूप धारण कर लिया, जिससे अब तक भारी तबाही हुई है। मंडी जिले में 16 लोगों समेत पूरे प्रदेश में 21 लोगों की जान जाने की खबर है। दर्जनों लोग घायल भी हुए हैं। 400 से अधिक लोगों को अब तक बचाया गया है। इसके अलावा इस तबाही में 24 घर और 12 गोशालाएं जलमग्न हो गई हैं। 50 से अधिक पशुओं की मौत की खबर है। इसके साथ कुकलाह के समीप पटीकरी प्रोजेक्ट बह गया है और कई पुल ध्वस्त हो गए हैं।

हिमाचल के कुकलाह में भी रात को बादल फटने से आई बाढ़ में करीब 8 घरों के साथ 24 लोग बह गए। सर्च के दौरान मंगलवार शाम को 9 शव मिले हैं, जबकि 21 लोग लापता है। स्यांज में भी सोमवार रात को बादल फटा, जहां 9 लोगों के साथ 2 घर बह गए। 9 में से 2 शवों को बरामद किया जा चुका है। बाड़ा में एक घर के ढहने से उसके नीचे 6 लोग दब गए। उन 6 में से 4 को रेस्क्यू कर लिया गया, जबकि 2 के शव बरामद हुए हैं। बस्सी में फंसे 2 लोगों को बचा लिया गया है। जबकि परवाड़ा में मकान बहने के कारण एक ही परिवार के 2 सदस्य लापता हैं। करसोग में बादल फटने से पुराना बाजार नेगली पुल से 4 लोग लापता हैं, जबकि एक शव बरामद कर लिया गया है। यहां 6 घरों को नुकसान पहुंचा है। एनडीआरएफ ने अब तक लापता लोगों की खोज के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

मंडी जिले में कहां-कहां फटे बादल

करसोग के रिक्की, कुट्टी, ओल्ड बाजार, गोहर के स्यांज, थुनाग के कुटाह, धर्मपुर के त्रियंबला, लस्सी मोड़, रेल चौक, पट्टीकारी, बाड़ा, बस्सी, परवाड़ा, तलवाड़ा, कैलोधार, भडराना।

हिमाचल में 400 से अधिक सड़कें, 100 से अधिक पानी की स्कीमें ठप, स्कूल भी बंद

हिमाचल में प्राकृतिक आपदा के चलते 400 से अधिक सड़कें बंद हो गई हैं। पानी की 100 से अधिक स्कीमें पूरी तरह से ठप हो गई हैं। राज्य में 1500 से अधिक बिजली ट्रांसफार्मर ठप होने से कई क्षेत्रों में पूरी तरह ब्लैकआउट है। हिमाचल में भारी बारिश और जगह-जगह बादल फटने से भारी तबाही के कारण मंगलवार को मंडी, हमीरपुर और कांगड़ा जिले के स्कूलों को बंद कर दिया गया है।

सुक्खू: बादल फटने और बारिश से एक रात में 500 करोड़ का नुकसान

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में सोमवार रात को मंडी जिले सहित कई जगहों पर बादल फटने की घटनाएं सामने आई हैं। प्रारंभिक आकलन में 500 करोड़ के नुकसान की रिपोर्ट प्राप्त हुई है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की है कि नदी-नालों के किनारे पर न जाएं। सभी लोग नदी-नालों से करीब 500 मीटर की दूरी बनाए रखें।