रनकपुर सूर्य मंदिर: सूर्य देव को समर्पित यह मंदिर भारत के राजस्थान प्रांत के रणकपुर नामक स्थान में अवस्थित है। यह सूर्य मंदिर, नागर शैली मे सफेद संगमरमर से बना है। भारतीय वास्तुकला का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत करता यह सूर्य मंदिर जैनियों के द्वारा बनवाया गया था जो उदयपुर से करीब 98 किलोमीटर दूर स्थित है।
भगवान सूर्य को सनातन धर्म के आदि पंच देवों में माना जाता है। वहीं कलयुग के एकमात्र दृश्य देव होने के साथ ही ज्योतिष में भी इनका खास महत्व माना गया है। ज्योतिष में जहां एक ओर यह ग्रहों के राजा कहे जाते हैं, वहीं कुंडली में ये आत्मा के कारक हैं। वैज्ञानिक दृष्टि से देखें तो सूर्य का गुरुत्वाकर्षण अन्य ग्रहों की अपेक्षा कई गुना है। इसी गुरुत्वाकर्षण की वजह से ही सभी ग्रह सूर्य के चक्कर लगाते हैं। आध्यात्मिक दृष्टि से भी सूर्य सबसे अधिक बलवान ग्रह हैं और नवग्रहों के राजा का स्थान प्राप्त है।
रनकपुर सूर्य मंदिर (Ranakpur Sun Temple) की वास्तुकला उत्कृष्ट है। इस मंदिर के बहिभुजीय दीवार पर योद्धाओं, घोड़ों, और खगोलीय पिंडों के नक़्क़ाशीदार चित्र उस युग के लोगों की कलात्मक उत्कृष्टता को दर्शाते हैं। और इस मंदिर में भगवान सूर्य अपने रथ पर सवार दिखाये गये हैं। देश भर से भक्त बड़ी संख्या में भगवान सूर्य का आशीर्वाद लेने के लिए यहाँ आते हैं। भक्त सूर्य देव के मंदिर के निकट स्थित अंबा माता मंदिर को भी देख सकते हैं।
रनकपुर सूर्य मंदिर, रणकपुर, राजस्थान