केंद्र सरकार ने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रसारित हो रहे अश्लील और आपत्तिजनक कंटेंट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच ओटीटी प्लेटफॉर्म को ब्लॉक कर दिया है। यह कदम सूचना और प्रसारण मंत्रालय द्वारा मंगलवार को उठाया गया।
अधिकारियों के अनुसार, मूडएक्सवीआइपी, कोयल प्लेप्रो, डिजी मूवीप्लेक्स, फील और जुगनू नामक ओटीटी प्लेटफॉर्म पर लगातार अश्लील सामग्री प्रसारित किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। जांच के बाद सरकार ने उचित प्रक्रिया का पालन करते हुए इन प्लेटफॉर्म्स को ब्लॉक करने का आदेश जारी किया।
सरकार ने इंटरनेट सेवा प्रदाताओं (ISPs) को निर्देश दिया है कि वे इन प्लेटफॉर्म्स की पहुंच तुरंत प्रभाव से रोकें। यह कार्रवाई सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 69A के तहत की गई है, जो सरकार को राष्ट्रीय सुरक्षा, सार्वजनिक व्यवस्था और शालीनता के हित में ऑनलाइन कंटेंट को ब्लॉक करने का अधिकार देती है।
इसके साथ ही सूचना प्रौद्योगिकी नियम 2021 और अश्लीलता विरोधी कानूनों के प्रावधानों के तहत भी यह कदम उठाया गया है। सरकार का कहना है कि डिजिटल माध्यमों पर सार्वजनिक शालीनता बनाए रखना और राष्ट्रीय हितों की रक्षा करना उसकी प्राथमिक जिम्मेदारी है।
सूत्रों का कहना है कि आगे भी ऐसे प्लेटफॉर्म्स के खिलाफ सख्त निगरानी जारी रहेगी, जो नियमों का उल्लंघन करते पाए जाएंगे।
अश्लील कंटेंट पर सख्त कार्रवाई: केंद्र सरकार ने 5 OTT प्लेटफॉर्म किए ब्लॉक