असम के कार्बी आंगलोंग जिले में भारतीय वायुसेना का एक सुखोई Su-30MKI लड़ाकू विमान क्रैश होने की खबर सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक यह हादसा गुरुवार शाम करीब 7 बजे हुआ, जब विमान जोरहाट से उड़ान भर रहा था। दुर्घटना चोकीहोला इलाके के नीलिप ब्लॉक की दुर्गम पहाड़ियों में हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार शाम के समय पहाड़ियों की तरफ से अचानक जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। इसके बाद इलाके में धुएं का बड़ा गुबार उठता दिखाई दिया, जिससे आसपास के गांवों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दुर्गम पहाड़ी इलाका, राहत कार्य में चुनौती
हादसे का स्थान कार्बी आंगलोंग जिले का पहाड़ी और घना जंगल वाला इलाका है। यहां पहुंचना बेहद मुश्किल माना जाता है, जिसके कारण बचाव दल को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।
पायलट लापता, सर्च ऑपरेशन की तैयारी
इस दुर्घटना में एक लड़ाकू पायलट के लापता होने की खबर सामने आई है। हालांकि भारतीय वायुसेना की ओर से अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि जल्द ही बड़े स्तर पर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया जाएगा।
रात का समय और इलाके की भौगोलिक स्थिति राहत कार्य को और भी चुनौतीपूर्ण बना सकती है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां और स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
असम में एयरफोर्स का सुखोई Su-30MKI क्रैश, कार्बी आंगलोंग की पहाड़ियों में हादसा; पायलट लापता