दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने कोलकाता दौरे के दौरान पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में बंगाल की जनता बदलाव का मन बना चुकी है और इस बार सत्ता परिवर्तन तय है।
रेखा गुप्ता ने कहा कि राज्य में आतंक, गुंडागर्दी और लालच की राजनीति अपने चरम पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है और बहन-बेटियों की सुरक्षा दांव पर लगी हुई है। उनके मुताबिक, जिस तरह से लोगों पर अत्याचार, लूटपाट और हिंसा की घटनाएं सामने आती हैं, उससे जनता में गहरा आक्रोश है।
घुसपैठ के मुद्दे पर भी साधा निशाना
सीएम रेखा गुप्ता ने घुसपैठ के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि चाहे कितनी भी कोशिश कर ली जाए, जनता की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि घुसपैठियों के सहारे राजनीति करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन अब लोग बदलाव चाहते हैं।
कालीघाट मंदिर में की पूजा-अर्चना
अपने दौरे के दौरान रेखा गुप्ता ने कोलकाता के प्रसिद्ध कालीघाट मंदिर में मां काली के दर्शन किए और विशेष पूजा-अर्चना की। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि मां काली बंगाल की चेतना, संस्कृति और आत्मबल की अधिष्ठात्री हैं।
उन्होंने कहा कि मां काली अन्याय के खिलाफ साहस और सत्य के पक्ष में खड़े होने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने प्रार्थना की कि बंगाल में ऐसी व्यवस्था स्थापित हो, जहां तुष्टिकरण नहीं बल्कि न्याय हो, भय नहीं बल्कि विश्वास हो और राजनीति नहीं बल्कि जनसेवा सर्वोपरि हो।
जनता बदलाव के मूड में
रेखा गुप्ता ने अपने बयान में भरोसा जताया कि बंगाल की जनता इस बार निर्णायक फैसला लेने के लिए तैयार है। उनके अनुसार, राज्य में सुशासन और जनकल्याण की नई शुरुआत की आवश्यकता है।
बंगाल में बदलाव तय, बहन-बेटियों की सुरक्षा दांव पर: कोलकाता से CM रेखा गुप्ता का ममता बनर्जी पर तीखा हमला