भारत ने आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 जीतकर क्रिकेट इतिहास में नया अध्याय लिख दिया है। रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारत लगातार दो बार टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली और कुल तीन बार चैंपियन बनने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई है।
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न सिर्फ खिताब बचाया बल्कि कई बड़े रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिए. इससे पहले किसी भी टीम ने लगातार दो टी-20 वर्ल्ड कप नहीं जीते थे।
भारत ने इससे पहले 2007 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में पहला टी-20 वर्ल्ड कप जीता था, जबकि 2024 में रोहित शर्मा की अगुवाई में दूसरा खिताब हासिल किया। अब 2026 में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम ने तीसरी बार ट्रॉफी उठाकर इतिहास रच दिया है।
इस जीत के साथ भारत सबसे ज्यादा टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम बन गया है। वेस्टइंडीज ने दो बार यह खिताब जीता है, जबकि अन्य टीमें भारत से पीछे हैं। खास बात यह भी रही कि भारत ने अपने घरेलू मैदान पर ट्रॉफी जीतकर एक और रिकॉर्ड बना दिया।
इतिहास रच गया भारत! तीसरी बार T20 वर्ल्ड कप जीतकर टीम इंडिया बनी दुनिया की पहली टीम, बुमराह का जलवा बरकरार