गूगल मैप ने फिर दिया धोखा, असम पुलिस पहुंची नागालैंड, स्थानीय लोगों ने बदमाश समझकर किया हमला।

गूगल मैप ने फिर दिया धोखा, असम पुलिस पहुंची नागालैंड, स्थानीय लोगों ने बदमाश समझकर किया हमला।
January 9, 2025 at 10:06 am

Assam Cops Misled by Google Maps: गूगल मैप ने एक बार फिर धोखा दे दिया। मिली जानकारी के अनुसार, असम पुलिस टीम जोरहाट में छापा मारने जा रही थी, लेकिन गूगल मैप ने 16 सदस्यों की पूरी टीम को पड़ोसी राज्य नागालैंड पहुंचा दिया। असम पुलिस की टीम में अधिकतर लोग सिविल ड्रेस में हथियारों से लैस थे, जिसे देखकर स्थानीय लोगों ने उन पर हमला बोल दिया और रातभर उन्हें बंधक बनाए रखा। इस बात की जानकारी असम पुलिस के एक अधिकारी ने दी।

प्रशासनिक अधिकारी ने आगे बताया कि यह घटना मंगलवार रात को उस समय हुई जब जोरहाट जिला पुलिस की टीम एक आरोपी को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही थी। उन्होंने कहा कि चाय के बागान वाले इलाके को गूगल मैप ने असम में दिखा दिया। जबकि वह वास्तव में नागालैंड का मोकोकचुंग जिला था।

गूगल ने दी गलत जानकारी

पुलिस अधिकारी ने जानकारी दी कि जीपीएस पर भ्रम के चलते असम पुलिस की टीम नागालैंड पहुंच गई। पुलिस टीम को सिविल ड्रेस और हथियारों से लैस देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस की टीम को बदमाश समझ कर पहले तो हमला किया और उसके बाद रात भर बंधक बनाए रखा। इस हमले में एक पुलिसकर्मी घायल भी हो गया। यह भी पता चला है कि 16 सदस्यों की टीम में सिर्फ 3 लोग ही वर्दी में थे।

नागालैंड में विचित्र स्थिति बनने पर जोरहाट पुलिस ने तुरंत मोकोकचुंग के पुलिस अधीक्षक से संपर्क किया। जिसके बाद मोकोकचुंग के पुलिस अधीक्षक ने असम पुलिस को बचाने के लिए एक टीम भेजी। जब ये टीम वहां पहुंची तब जाकर नागालैंड के स्थानीय लोगों को पता चला कि ये लोग कोई बदमाश नहीं असम की असली पुलिस है। उनको अपनी गलती का अहसास हुआ। इसके बाद हालात सामान्य हुए और घायल पुलिसकर्मी को अस्पताल भेजा गया। रिहा होने के बाद असम पुलिस छापा मारने के लिए जोरहाट पहुंची।