राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब शहर के अलग-अलग इलाकों में स्थित 9 नामी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी ई-मेल के जरिए दी गई, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड में आ गईं।
जानकारी मिलते ही दिल्ली पुलिस, फायर ब्रिगेड और बम स्क्वॉड की टीमें मौके पर पहुंचीं। एहतियातन सभी स्कूलों को खाली कराया गया और बच्चों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। स्कूल परिसरों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, धमकी भरे ई-मेल सुबह करीब 8:30 से 9:00 बजे के बीच भेजे गए। ई-मेल भेजने वाले ने खुद को एक प्रतिबंधित संगठन से जुड़ा बताया और अफजल गुरु की बरसी का जिक्र करते हुए धमाके की बात लिखी। हालांकि अब तक किसी भी स्कूल परिसर से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
किन स्कूलों को मिली धमकी
धमकी पाने वाले स्कूलों में दिल्ली कैंट का लॉरेटो कॉन्वेंट स्कूल, श्रीनिवासनपुरी और एनएफसी क्षेत्र के कैम्ब्रिज स्कूल, रोहिणी के वेंकटेश्वर, सीएम श्री और बाल भारती स्कूल, सादिक नगर का द इंडियन स्कूल और आईएनए क्षेत्र का एक स्कूल शामिल है।
जांच में जुटी एजेंसियां
पुलिस का कहना है कि कुछ अन्य स्कूलों को भी कॉल के जरिए धमकी मिलने की सूचना है। सभी मामलों की गंभीरता से जांच की जा रही है। ई-मेल और कॉल्स की लोकेशन ट्रेस करने के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है।
पुलिस ने अभिभावकों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। सभी प्रभावित स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
दिल्ली में दहशत: 9 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, छात्रों को सुरक्षित निकाला गया