देश की राजधानी दिल्ली में मार्च की शुरुआत ही तेज गर्मी के साथ हुई है। मौसम का मिजाज इस कदर बदला है कि लोगों को अभी से मई-जून जैसी तपिश महसूस होने लगी है। शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 7 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार मार्च के पहले सप्ताह में 35 डिग्री का आंकड़ा पार होना पिछले कम से कम 50 साल में पहली बार हुआ है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है। अनुमान है कि 11 मार्च तक तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। लगातार साफ आसमान और पश्चिमी विक्षोभ की कमी को तापमान बढ़ने की मुख्य वजह बताया जा रहा है। लंबे समय से बारिश नहीं होने के कारण भी गर्मी तेजी से बढ़ रही है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री था, जो शनिवार को बढ़कर 35.7 डिग्री हो गया। पिछले साल 35 डिग्री का स्तर मार्च के दूसरे सप्ताह में पार हुआ था, जबकि 2024 में यह तापमान मार्च के आखिरी सप्ताह में दर्ज किया गया था। इस बार गर्मी तय समय से पहले ही शुरू हो गई है।
विशेषज्ञों का कहना है कि 9 मार्च के आसपास एक पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ी इलाकों को प्रभावित कर सकता है, लेकिन दिल्ली में बारिश की संभावना कम है। हालांकि हवा की दिशा बदलने से तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है, लेकिन इससे ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
गर्मी के साथ-साथ दिल्ली की हवा की गुणवत्ता भी चिंता बढ़ा रही है। शनिवार को AQI ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज किया गया। विशेषज्ञों के अनुसार सूखा मौसम और तेज धूप के कारण प्रदूषण के कण हवा में अधिक समय तक बने रहते हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में दिल्लीवालों को गर्मी और प्रदूषण दोनों का सामना करना पड़ सकता है।
दिल्ली में मार्च में ही मई-जून जैसी गर्मी! 50 साल का रिकॉर्ड टूटा, 37°C तक पहुंच सकता है तापमान