भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर मध्य प्रदेश को विकास की बड़ी सौगात मिली है। केंद्रीय गृह मंत्री अमितशाह ने ग्वालियर में आयोजित भव्य कार्यक्रम में करीब 2 लाख करोड़ रुपये के निवेश वाली 1080 औद्योगिक परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इन परियोजनाओं से प्रदेश में 1.93 लाख नए रोजगार सृजित होने की उम्मीद है।
ग्वालियर के मेला ग्राउंड में आयोजित ‘अभ्युदय मध्यप्रदेश ग्रोथ समिट: निवेश से रोजगार’ कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने रिमोट के जरिए परियोजनाओं का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह निवेश मध्य प्रदेश को देश के प्रमुख औद्योगिक हब के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगा। साथ ही ग्वालियर जिले के लिए 361 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का भी उद्घाटन किया गया।
MP बनाई-जीरो FIR लागू करने वाला दूसरा राज्य
इस मौके पर अमित शाह ने ई-जीरो FIR योजना का शुभारंभ भी किया। इसके साथ ही मध्य प्रदेश देश का दूसरा राज्य बन गया है, जहां यह सुविधा लागू हुई है। शाह ने कहा कि यह व्यवस्था पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने और अपराध नियंत्रण में मील का पत्थर साबित होगी।
कार्यक्रम में अटल डिजिटल म्यूजियम का भी लोकार्पण किया गया, जहां अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन और विचारों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन हुआ।
‘अटल जी ने वोट बैंक नहीं, राष्ट्र निर्माण की राजनीति की’
अमित शाह ने अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि उन्होंने कभी वोट की राजनीति नहीं की, बल्कि देश को परमाणु शक्ति संपन्न बनाया। उन्होंने राष्ट्रीय महामार्गों का विस्तार किया और कारगिल युद्ध के दौरान पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया। शाह ने कहा कि अटल जी राजनीति में अजातशत्रु थे, जिनके विरोधी भी उनके व्यक्तित्व के कायल थे।
उन्होंने भारत रत्न पंडित मदन मोहन मालवीय को भी उनकी जयंती पर नमन किया और इसे ऐतिहासिक संयोग बताया।
मोहन यादव सरकार की सराहना
केंद्रीय गृह मंत्री ने मुख्यमंत्री मोहन यादव की सरकार की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाइब्रेंट गुजरात के जरिए निवेश संस्कृति की शुरुआत की थी, वहीं मध्य प्रदेश में मोहन यादव सरकार ने रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव की नई परंपरा शुरू की है, जो आने वाले समय में देशभर के लिए मॉडल बनेगी।
तेजी से विकास की राह पर मध्यप्रदेश
शाह ने कहा कि मध्य प्रदेश ने पंजाब और हरियाणा को छोड़कर 7 बार कृषि कर्मण्य अवॉर्ड जीता है। राज्य में अब सरप्लस बिजली है, मेट्रो सेवाएं शुरू हो चुकी हैं और 50 फीसदी स्टार्टअप महिलाओं द्वारा संचालित किए जा रहे हैं। इस वर्ष प्रदेश में 4.57 लाख MSME इकाइयां पंजीकृत हुई हैं।
इसके अलावा, राज्य में देश का सबसे बड़ा PM मित्र पार्क स्थापित किया गया है, जिससे टेक्सटाइल और पर्यटन क्षेत्र में नए अवसर पैदा हुए हैं।
देश की डिजिटल ताकत का जिक्र
अमित शाह ने कहा कि देश में इंटरनेट उपभोक्ताओं की संख्या 7 करोड़ से बढ़कर 101 करोड़ हो गई है। UPI के जरिए दुनिया के 46 फीसदी रियल-टाइम डिजिटल ट्रांजेक्शन भारत में हो रहे हैं। देश मोबाइल निर्माण और निर्यात में भी दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल हो गया है।
सी एम और सिंधिया का बयान
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि अटल जी की कर्मभूमि ग्वालियर को यह सौगात मिलना सौभाग्य की बात है। यह निवेश प्रदेश के साढ़े आठ करोड़ नागरिकों के जीवन को बेहतर बनाएगा।
वहीं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि अटल जयंती के अवसर पर ग्वालियर का गौरव इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज हो गया है।