MP मंत्रिमंडल में जल्द हो सकता है फेरबदल, कैलाश विजयवर्गीय समेत इन नेताओं पर लटकी तलवार, नए चेहरों को मिल सकती है जगह

MP मंत्रिमंडल में जल्द हो सकता है फेरबदल, कैलाश विजयवर्गीय समेत इन नेताओं पर लटकी तलवार, नए चेहरों को मिल सकती है जगह
March 6, 2026 at 2:16 pm

मध्य प्रदेश की राजनीति में इन दिनों मंत्रिमंडल फेरबदल की चर्चा तेज हो गई है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री मोहन यादव जल्द ही अपनी कैबिनेट में बड़ा बदलाव कर सकते हैं। सूत्रों के अनुसार कुछ वरिष्ठ मंत्रियों को हटाकर संगठन में जिम्मेदारी दी जा सकती है, जबकि कई युवा विधायकों को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है।


हाल ही में मुख्यमंत्री मोहन यादव और प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने दिल्ली में पार्टी आलाकमान से मुलाकात की थी। इस बैठक के बाद से ही राजनीतिक हलकों में कैबिनेट विस्तार और फेरबदल की अटकलें तेज हो गई हैं।


बताया जा रहा है कि कुछ दिग्गज मंत्रियों को हटाकर उन्हें उन राज्यों में संगठनात्मक जिम्मेदारी दी जा सकती है जहां आने वाले समय में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।


कैलाश विजयवर्गीय पर भी खतरा

मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के पास नगरीय विकास एवं आवास और संसदीय कार्य विभाग की जिम्मेदारी है। पिछले कुछ समय से वह अपने विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रहे हैं।


इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों के मामले में एक पत्रकार से बातचीत के दौरान उनके बयान पर काफी विवाद हुआ था। इसके अलावा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के साथ तीखी बहस भी चर्चा में रही। ऐसे में माना जा रहा है कि कैबिनेट फेरबदल में उनकी भूमिका बदल सकती है।


प्रहलाद सिंह पटेल का नाम भी चर्चा में

बीजेपी के वरिष्ठ नेता प्रहलाद सिंह पटेल भी संभावित बदलाव की सूची में बताए जा रहे हैं। वह कई बार सांसद रह चुके हैं। 2023 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने उन्हें नरसिंहपुर से मैदान में उतारा था, जहां से जीत के बाद उन्हें पंचायत एवं ग्रामीण विकास और श्रम विभाग की जिम्मेदारी दी गई थी।


सूत्रों के अनुसार कैबिनेट फेरबदल में उनके विभाग में बदलाव या मंत्रिमंडल से बाहर किए जाने की संभावना भी जताई जा रही है।


दिलीप अहिरवार और राधा रवींद्र सिंह पर भी नजर

राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार चंदेला, जो वन एवं पर्यावरण विभाग संभाल रहे हैं, और राधा रवींद्र सिंह, जो चितरंगी से विधायक हैं और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में राज्य मंत्री हैं, उनके नाम भी संभावित बदलाव की सूची में बताए जा रहे हैं।


हालांकि अंतिम फैसला बीजेपी नेतृत्व और मुख्यमंत्री मोहन यादव को ही करना है कि किन मंत्रियों को मंत्रिमंडल में बरकरार रखा जाएगा और किन्हें संगठन में नई जिम्मेदारी दी जाएगी।