राजसमंद में दिल दहला देने वाला अपराध: घरेलू विवाद में पिता ने 15 साल की बेटी की हत्या, आरोपी फरार

राजसमंद में दिल दहला देने वाला अपराध: घरेलू विवाद में पिता ने 15 साल की बेटी की हत्या, आरोपी फरार
December 22, 2025 at 1:08 pm

राजस्थान के राजसमंद जिले से एक दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। खमनोर थाना क्षेत्र के नेडच गांव में एक पिता ने कथित रूप से घरेलू विवाद के चलते अपनी ही 15 वर्षीय नाबालिग बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पिता मौके से फरार हो गया, जबकि पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

मृतका की पहचान जसोदा मेघवाल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पिता नारायण लाल मेघवाल का अपनी बेटी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में केवल पिता और बेटी मौजूद थे। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर पिता ने बेटी पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही खमनोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। डीएसपी शिप्रा राजावत और थाना अधिकारी नरेंद्र सिंह पुलिस जाब्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में इसे घरेलू विवाद से जुड़ा मामला माना जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। आरोपी पिता की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

इस दर्दनाक घटना के बाद नेडच गांव समेत आसपास के इलाकों में लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग की है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द पकड़कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।