आगरा में दबंगों के कथित आतंक से परेशान एक कॉलोनी के लोग अब अपना इलाका छोड़ने को मजबूर हो गए हैं। मामला थाना कमला नगर क्षेत्र के भगवान नगर का है, जहां करीब 40 घरों पर एक साथ ‘मकान बिकाऊ’ के पोस्टर लगाए गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि वे लंबे समय से हो रही मारपीट और धमकियों के कारण भय के माहौल में जी रहे हैं।
पीड़ितों के अनुसार, कॉलोनी में रहने वाले एक परिवार के सदस्य आए दिन विवाद करते हैं और विरोध करने पर मारपीट व गाली-गलौच करते हैं। लोगों का दावा है कि कई बार पुलिस से शिकायत के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे हालात और बिगड़ते चले गए।
शादी समारोह में घुसकर मारपीट का आरोप
स्थानीय निवासियों ने बताया कि 2 फरवरी को कॉलोनी में एक परिवार के यहां शादी समारोह चल रहा था। इसी दौरान एक युवक जबरन घर में घुस आया और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि महिलाओं से अभद्रता की गई और सोने की चेन छीनने का प्रयास भी हुआ। बीच-बचाव करने आए लोगों को भी चोटें आईं।
महिलाओं ने लगाए गंभीर आरोप
कॉलोनी की रहने वाली प्रीति अग्रवाल का कहना है कि आरोपी युवक ने उनके साथ गाली-गलौच की और विरोध करने पर घर में घुस आया। उन्होंने बताया कि किसी तरह अपनी जान बचाई। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं पहले भी कई बार हो चुकी हैं।
पार्षद ने की घटना की पुष्टि
स्थानीय पार्षद हरिओम गोयल ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि आरोपी युवक दबंग प्रवृत्ति का है और पहले भी कई लोगों से मारपीट कर चुका है। उन्होंने बताया कि एक बार तो उनकी जान भी मुश्किल से बचाई जा सकी थी।
पुलिस मौके पर, लेकिन पोस्टर नहीं हटे
‘मकान बिकाऊ’ के पोस्टर लगने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, पीड़ितों का साफ कहना है कि जब तक स्थायी समाधान और सख्त कार्रवाई नहीं होती, वे पोस्टर नहीं हटाएंगे। लोगों ने चेतावनी दी है कि जरूरत पड़ी तो वे अपने घर बेचकर दूसरी जगह शिफ्ट हो जाएंगे।