उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने आरोप लगाया है कि उसके पति ने पैसों के लालच में उसे अपने दोस्तों के हवाले कर दिया। पीड़िता के अनुसार, पति ने एक हजार रुपये लेकर अपने दो साथियों से उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करवाया।
मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
गैस एजेंसी जाने के बहाने रची गई साजिश
पीड़िता ने एफआईआर में बताया कि 6 फरवरी को वह अपने पति के साथ गैस कनेक्शन से जुड़े कागजात बनवाने के लिए घर से निकली थी। रास्ते में पति के दो परिचित—पप्पू और बालकिशन—मिल गए। आरोप है कि पति ने उनसे एक हजार रुपये लिए और यह कहकर महिला को उनके साथ भेज दिया कि वह किसी जरूरी काम से जा रहा है।
जंगल में ले जाकर किया गैंगरेप
महिला के अनुसार, आरोपी उसे बाइक पर बैठाकर गैस एजेंसी ले जाने के बजाय बलकनपुर की ओर ले गए। रास्ते में यूकेलिप्टिस के जंगल में ले जाकर दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। किसी तरह जान बचाकर पीड़िता घर पहुंची तो पति वहीं मौजूद था। जब उसने विरोध किया, तो पति ने कथित तौर पर कहा कि वह उसे पैसे कमाने का जरिया बनाएगा।
शिकायत के बाद कार्रवाई
पीड़िता ने पहले अपने जेठ को पूरी बात बताई, लेकिन अस्वस्थता के कारण उसी रात थाने नहीं जा सके। अगले दिन थाने पहुंचकर शिकायत दी गई, जिसके आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की।
इस पूरे मामले पर हृदेश कठेरिया, एसपी देहात ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है। साथ ही, महिला द्वारा पति पर लगाए गए गंभीर आरोपों की भी जांच की जा रही है।
बदायूं में 1000 रुपये में पत्नी का सौदा: पति की मिली भगत से दोस्तों ने किया गैंगरेप