उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां प्रेम विवाह करने वाली एक युवती की उसके ही पति ने बेरहमी से हत्या कर दी। यह दर्दनाक वारदात पनकी थाना क्षेत्र के रामगंगा एनक्लेव की है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
मृतका की पहचान दीपिका के रूप में हुई है। उसने करीब तीन महीने पहले सौरभ दुबे उर्फ शोएब से परिवार की मर्जी के बिना प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों रामगंगा एनक्लेव में किराए के मकान में रह रहे थे। शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य था, लेकिन धीरे-धीरे दोनों के बीच विवाद और तनाव बढ़ने लगा।
पुलिस के अनुसार, किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसा में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में आकर शोएब ने दीपिका की हत्या कर दी और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर डीसीपी पश्चिम और एडीसीपी समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल आरोपी पति की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आखिर शादी के महज तीन महीने के भीतर ऐसा क्या हुआ, जिसने प्यार से शुरू हुए रिश्ते को खौफनाक अंजाम तक पहुंचा दिया। पुलिस पारिवारिक विवाद, मानसिक तनाव और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहराई से जांच कर रही है।