उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में सोमवार देर रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के किदवई नगर में स्थित एक कपड़ा कारोबारी के घर भीषण आग लगने से एक ही परिवार के 6 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, कपड़ा व्यापारी इकबाल अंसारी के तीन मंजिला मकान में यह हादसा हुआ। मकान के निचले हिस्से में रेडीमेड कपड़ों का बड़ा गोदाम था, जबकि ऊपरी मंजिलों पर परिवार के सदस्य रहते थे। सोमवार रात करीब साढ़े आठ से नौ बजे के बीच पहली मंजिल पर अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ। गोदाम में बड़ी मात्रा में कपड़ों का स्टॉक होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया।
आग लगते ही पूरे मकान में धुआं भर गया और सीढ़ियों तक लपटें पहुंच गईं, जिससे ऊपर मौजूद लोग नीचे नहीं उतर सके। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक छह लोगों की जान जा चुकी थी।
मृतकों की पहचान
इस हादसे में रुखसार (30), पत्नी आसिम; अद्दस (3), पुत्र आसिम; नबिया (6 माह), पुत्री आसिम; इनायत (6 माह), पुत्री आसिम; महविश (12), पुत्री फारूक; और हम्माद (4), पुत्र फारूक की दर्दनाक मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि कारोबारी की पुत्रवधू और पांच मासूम पोते-पोतियां इस हादसे का शिकार बने।
दो लोग घायल, अस्पताल में भर्ती
इस घटना में दो अन्य लोग भी गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज जारी है।
प्रशासन मौके पर पहुंचा
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। डीएम और एसएसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट और सिलेंडर लीक को आग लगने की संभावित वजह बताया गया है। हालांकि, पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
यह हादसा एक बार फिर रिहायशी इलाकों में सुरक्षा इंतजामों और अग्नि सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
मेरठ में भीषण आग से एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत, शॉर्ट सर्किट और सिलेंडर लीक बनी वजह