यूपी की बड़ी खबरें: आगरा में दर्दनाक हादसा, गाजियाबाद में 3 लाख की लूट, कई जिलों से अहम अपडेट

यूपी की बड़ी खबरें: आगरा में दर्दनाक हादसा, गाजियाबाद में 3 लाख की लूट, कई जिलों से अहम अपडेट
February 13, 2026 at 2:28 pm

उत्तर प्रदेश से इस वक्त की बड़ी और अहम खबरें सामने आ रही हैं। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में सड़क हादसों, अपराध और प्रशासनिक कार्रवाई से जुड़ी घटनाएं सुर्खियों में हैं। आगरा में दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि गाजियाबाद में हथियार के बल पर लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया। इसके अलावा हापुड़, बिठूर और लखनऊ से भी अहम अपडेट सामने आए हैं।

आगरा के थाना बसौनी क्षेत्र अंतर्गत त्रिनेतपुरा गांव के पास एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और करीब 50 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक जयपुर से अपनी पत्नी और बच्चों को ससुराल छोड़कर मध्य प्रदेश जा रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी।

हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर टोल प्लाजा पर टोल भुगतान को लेकर हुए विवाद के दौरान एक चालक ने दबंगई दिखाते हुए टोलकर्मियों को कुचलने की कोशिश की। पूरी घटना टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। प्रशासन और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

बिठूर में एक निजी नर्सिंग होम में नवजात की झुलसकर मौत के मामले ने स्वास्थ्य विभाग को हिला दिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित 25 सदस्यीय टीम ने इलाके में ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू की। कल्याणपुर क्षेत्र में 32 अस्पतालों की जांच की गई, 16 को नोटिस जारी किया गया और बिना लाइसेंस चल रहे एक अस्पताल को सील कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान कई अस्पताल संचालक मौके से फरार हो गए।

लखनऊ के राजाजीपुरम इलाके में स्थित एक वृद्धाश्रम से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक बुजुर्ग महिला दूसरी बुजुर्ग महिला को थप्पड़ मारती नजर आ रही है। हालांकि, इस वीडियो की पुष्टि नहीं की है, लेकिन मामला सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

गाजियाबाद में प्रशासन ने अवैध कॉलोनियों के खिलाफ सख्ती बढ़ा दी है। अब ऐसी कॉलोनियों के बाहर साफ-साफ “अवैध कॉलोनी” का बोर्ड लगाया जाएगा और सील की गई इमारतों पर पीले रंग से चेतावनी लिखी जाएगी। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण जोनवार रिपोर्ट तैयार कर अवैध कॉलोनियों की सूची भी सार्वजनिक करेगा।

इसी शहर में शालीमार गार्डन स्थित डीएलएफ कॉलोनी में भाजपा नेता मानसिंह गोस्वामी के घर बुधवार देर रात आग लग गई। परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं। नेता ने पेट्रोलियम पदार्थ डालकर आगजनी की आशंका जताई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वहीं, मोदीनगर थाना क्षेत्र के किदवई नगर में हथियारबंद बदमाशों ने कार सवार युवक से करीब तीन लाख रुपये की नकदी लूट ली। बदमाशों ने कार का शीशा तोड़कर वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।