अल्मोड़ा में बड़ा सड़क हादसा: सैलापानी के पास खाई में गिरी बस, 7 यात्रियों की मौत, कई घायल

अल्मोड़ा में बड़ा सड़क हादसा: सैलापानी के पास खाई में गिरी बस, 7 यात्रियों की मौत, कई घायल
December 30, 2025 at 12:31 pm

उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। भिकियासैंण क्षेत्र के सैलापानी के पास एक यात्री बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें 7 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, यह बस रामनगर की ओर जा रही थी, तभी पहाड़ी सड़क पर अचानक संतुलन बिगड़ गया और बस खाई में गिर गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, आपदा प्रबंधन टीम और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। शुरुआती तौर पर 5 शव मौके से बरामद किए गए थे, जबकि दो अन्य घायलों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। एक महिला की मौत सी एच सी भिकियासैंण में इलाज के दौरान हुई।

घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को उच्च चिकित्सा केंद्रों के लिए रेफर किया गया है।

हादसे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। प्रारंभिक जांच में तेजरफ्तार, खराब सड़क या चालक की लापरवाही को संभावित कारण माना जा रहा है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।

इस भीषण हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रशासन मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचना देने में जुटा हुआ है।