BJP प्रदेश अध्यक्ष के ऐलान की उलटी गिनती शुरू, जल्द लखनऊ में नाम बताएंगे पीयूष गोयल

BJP प्रदेश अध्यक्ष के ऐलान की उलटी गिनती शुरू, जल्द लखनऊ में नाम बताएंगे पीयूष गोयल
December 9, 2025 at 8:58 pm

भारतीय जनता पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर सस्पेंस अब समाप्ति की ओर है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, अगले 2 से 3 दिनों के भीतर प्रदेश अध्यक्ष के नाम की आधिकारिक घोषणा हो सकती है। इसी बीच मंगलवार को बीजेपी ने प्रांतीय परिषद की सूची जारी कर दी है, जिसके सदस्य प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव में अपनी भूमिका निभाएंगे।

सूत्रों का कहना है कि यूपी चुनाव प्रभारी पीयूष गोयल जल्द लखनऊ पहुंचकर नया नाम घोषित कर सकते हैं। अनुमान लगाया जा रहा है कि इस बार बीजेपी ओबीसी समुदाय से किसी चेहरे पर भरोसा जता सकती है।

दिल्ली में हुई उच्चस्तरीय बैठक

3 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आवास पर BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। माना जा रहा है कि इसी बैठक में उत्तर प्रदेश के नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर अंतिम सहमति बन गई है।

इससे पहले बी.एल. संतोष ने सीएम योगी आदित्यनाथ, मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य समेत कई वरिष्ठ नेताओं से राय-मशविरा किया था।

राष्ट्रीय अध्यक्ष का भी जल्द होगा ऐलान

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यूपी में नए प्रदेश अध्यक्ष के चयन के बाद खरमास खत्म होते ही BJP अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम की भी घोषणा कर सकती है। फिलहाल जेपी नड्डा का कार्यकाल लगातार बढ़ाया जा रहा है।