भारत ने एशियन हॉकी चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया को 4-1 से रौंद कर फाइनल में बनाई जगह।

भारत ने एशियन हॉकी चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया को 4-1 से रौंद कर फाइनल में बनाई जगह।
September 17, 2024 at 10:15 am

Hockey – India vs South Korea: भारत ने एशियन हॉकी चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया को 4-1 से रौंद कर फाइनल में बनाई जगह, आज फाइनल में चीन से भिड़कर ट्रॉफी कब्जाने की होगी कोशिश। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए दक्षिण कोरिया को सेमीफाइनल में 4-1 से हराकर एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में जगह बना ली है। भारत का अब फाइनल में सामना चीन से होगा जिसने एक अन्य सेमीफाइनल मैच में पाकिस्तान को हराकर पहली बार खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया है। पेरिस ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता भारतीय टीम ने इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है और अब तक अजेय बनी हुई है।

भारत और चीन के बीच मंगलवार को फाइनल मुकाबला खेला जाएगा, जहां भारतीय टीम रिकॉर्ड पांचवें खिताब की तलाश में उतरेगी। भारत के लिए इस मैच में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 2 गोल दागे, जबकि उत्तम सिंह और जरमनप्रीत सिंह ने 1-1 गोल किया। दक्षिण कोरिया के लिए एकमात्र गोल जिहुन यांग ने तीसरे क्वार्टर में दागा। दक्षिण कोरिया के खिलाफ भारत ने पहले क्वार्टर में बढ़त हासिल करने के बाद दूसरे क्वार्टर में भी अपना दबदबा बनाते हुए बढ़त दोगुनी कर ली। भारत ने पहला हॉफ खत्म होने तक दक्षिण कोरिया पर 2-0 की बढ़त बना ली थी।

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने तीसरे क्वार्टर में भी दक्षिण कोरिया के खिलाफ बढ़त बरकरार रखी। दक्षिण कोरिया ने तीसरे क्वार्टर में कोरिया के लिए जिहुन यांग ने गोल किया लेकिन भारत की ओर से जरमनप्रीत सिंह ने हाल ही तीसरा गोल दाग दिया और दक्षिण कोरिया के आगे निकलने की सभी आशाओं पर पानी फेर दिया। इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने इस मैच का दूसरा गोल किया जिससे भारत ने दक्षिण कोरिया के खिलाफ 4-1 की बढ़त बना ली। दक्षिण कोरिया ने अंत तक बढ़त बनाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सकी।

भारत का दक्षिण कोरिया से 62वां मैच था। 1958 में दोनों देशों ने टोक्यो में खेले गए एशियाई खेलों में एक-दूसरे के खिलाफ पहला मैच खेला था। इस मैच में भारत ने दक्षिण कोरिया को 2-1 से हराया था। भारत ने अब तक 39 और दक्षिण कोरिया ने 11 मैच जीते हैं। वहीं, 12 मैच ड्रॉ पर समाप्त हुए। दोनों के बीच इससे पहले आखिरी मैच इसी एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में पूल स्टेज के दौरान खेला गया था, जहां भारत ने दक्षिण कोरिया को 3-1 से हराया था। भारत ने हालांकि, एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में भी वही लय कायम रखते हुए दक्षिण कोरिया को 4-1 करारी शिकस्त दी।