कोरोना ने फिर शुरू किया रुलाना, अब तक 20 की मौत, एक्टिव केस 3300 के पार, केरल और महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा मामले।

कोरोना ने फिर शुरू किया रुलाना, अब तक 20 की मौत, एक्टिव केस 3300 के पार, केरल और महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा मामले।
May 31, 2025 at 5:38 pm

COVID-19 Cases In India Rising Again: भारत में कोरोना वायरस के सक्रिय मामलों की संख्या 3300 के पार पहुंच गई है। सबसे ज्यादा 1153 मामले केरल से हैं। एक्टिव केसेज के मामले में महाराष्ट्र दूसरे स्थान पर है। महाराष्ट्र सरकार द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को राज्य में 84 नए केस सामने आए, यहां अब 681 मरीज हैं। देश के 60% एक्टिव केस इन्हीं दो राज्यों में हैं। अभी हाल ही में कोरोना से मरने वालों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। शुक्रवार तक यह संख्या 20 पहुंच गई है। इनमें सबसे ज्यादा 6 मौतें महाराष्ट्र में हुई हैं। मौतों के मामले में कर्नाटक 3 मौतों के साथ दूसरे स्थान पर है।

महाराष्ट्र और कर्नाटक के अलावा, केरल, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, तमिलनाडु, गुजरात और मध्य प्रदेश में कुल 11 मरीजों की मौत हो चुकी है। बढ़ती मौतों की संख्या के बीच कर्नाटक सरकार ने राज्य में बढ़ते कोरोना केसों के मद्देनजर नया सर्कुलर जारी किया है। इस आदेश में अभिभावकों से अपील की गई है कि अगर बच्चों में सर्दी, खांसी, बुखार या कोविड जैसे लक्षण हों तो उन्हें स्कूल न भेजा जाए।

कोविड के नए मामले और उनसे हो रही मौतों के बाद सरकारें एलर्ट मोड पर हैं। इसी के तहत टेस्टिंग को बढ़ा दिया है। महाराष्ट्र सरकार ने बताया कि शुक्रवार को कोरोना के 84 नए मामले सामने आए। मुंबई में जनवरी 2025 से अब तक कुल 681 केस मिले हैं। वहीं, इन 5 महीनों में अब तक राज्य में 9592 कोविड-19 टेस्ट किए गए हैं।

भारत में कोविड-19 के 4 नए वैरिएंट मिले

भारत के कई राज्यों में कोविड-19 के मामलों में लगातार बढ़ोतरी के बीच टेस्ट के दौरान देश में 4 नए वैरिएंट मिले हैं। ICMR के डायरेक्टर डॉ. राजीव बहल ने बताया कि दक्षिण और पश्चिम भारत से जिन वैरिएंट की सीक्वेंसिंग की गई है, वे JN.1, LF.7, XFG और NB.1.8.1 सीरीज के हैं। नए वैरिएंट की जांच करने के लिए सभी जगहों से नमूने लेकर सीक्वेंसिंग की जा रही है। उन्होंने बताया कि मामले बहुत गंभीर नहीं हैं। इसके लिए लोगों को चिंता नहीं करनी है, बस सतर्क रहने की जरूरत है।

WHO (वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन) ने भी इन वेरिएंट्स को चिंताजनक श्रेणी में नहीं रखा है। NB.1.8.1 के V445H, A435S और T478I जैसे स्पाइक प्रोटीन म्यूटेशन अन्य वैरिएंट की तुलना में तेजी से फैलते हैं। इन पर कोविड के खिलाफ बनी इम्यूनिटी का भी असर नहीं होता। भारत में सबसे ज्यादा मिलने वाला कोविड-19 का वेरिएंट JN.1 है। टेस्टिंग के दौरान आधे से ज्यादा सैंपल में यह वैरिएंट मिलता है। इसके बाद 26% BA.2 और 20% ओमिक्रॉन सबलाइनेज वैरिएंट के मामले मिलते हैं।