गोवा नाइट क्लब अग्निकांड: थाईलैंड में लूथरा ब्रदर्स हिरासत में, पासपोर्ट रद्द—आज भारत लाए जा सकते हैं

गोवा नाइट क्लब अग्निकांड: थाईलैंड में लूथरा ब्रदर्स हिरासत में, पासपोर्ट रद्द—आज भारत लाए जा सकते हैं
December 11, 2025 at 2:33 pm

गोवा नाइट क्लब अग्निकांड मामले में बड़ा एक्शन लेते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा को थाईलैंड के फुकेट में हिरासत में ले लिया है। दोनों भाई घटना के कुछ ही घंटों बाद भारत से भागकर थाईलैंड पहुंच गए थे। इस भीषण हादसे में कम से कम 25 लोगों की मौत हुई थी।

सूत्रों के अनुसार, थाईलैंड पुलिस ने दोनों आरोपियों को फुकेट के एक होटल से पकड़ा है और आज गुरुवार शाम तक उन्हें भारत लाए जाने की संभावना है।

पासपोर्ट रद्द, इंटरपोल नोटिस जारी

गोवा सरकार के अनुरोध के बाद विदेश मंत्रालय ने सौरभ और गौरव लूथरा के पासपोर्ट रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मंत्रालय ने भारतीय पासपोर्ट अधिनियम के तहत यह कार्रवाई मंजूर की है।
दोनों के खिलाफ इंटरपोल ब्लू कॉर्नर नोटिस भी जारी किया गया था।

कोर्ट से नहीं मिली थी राहत

दिल्ली की एक अदालत ने बुधवार को दोनों भाइयों की ट्रांजिट अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई स्थगित कर दी थी। अदालत ने गोवा पुलिस से जवाब मांगा और अगली सुनवाई गुरुवार के लिए तय की।
सौरभ और गौरव ने अदालत से चार सप्ताह की अग्रिम जमानत मांगी थी ताकि थाईलैंड से लौटने पर उन्हें तुरंत गिरफ्तार न किया जाए।

सह-मालिक अजय गुप्ता भी हिरासत में

‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइटक्लब के सह-मालिक अजय गुप्ता को बुधवार को दिल्ली से ट्रांजिट रिमांड पर गोवा लाया गया।
उनके खिलाफ पहले से लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी था। उन्हें अंजुना पुलिस थाने में आगे की पूछताछ के लिए ले जाया गया है।

गोवा पुलिस अब इस मामले में तेजी से कार्रवाई कर रही है और सभी मुख्य आरोपियों को भारत लाया जा रहा है, ताकि अग्निकांड में हुई 25 मौतों की जिम्मेदारी तय की जा सके।