घटने के बजाय स्विस बैंकों में 1 साल में 3 गुना बढ़ा भारतीयों का पैसा, ग्राहकों की जमा राशि में 11 प्रतिशत की वृद्धि।

घटने के बजाय स्विस बैंकों में 1 साल में 3 गुना बढ़ा भारतीयों का पैसा, ग्राहकों की जमा राशि में 11 प्रतिशत की वृद्धि।
June 20, 2025 at 5:42 pm

Indian Money In Swiss Banks Triples In 2024: 19 मई, गुरुवार को स्विट्जरलैंड के केंद्रीय बैंक द्वारा जारी वार्षिक आंकड़ों के अनुसार, स्विस बैंकों में भारत की जमा राशि 2023 की तुलना में 2024 में 3 गुना से भी ज्यादा बढ़ गई है। यह राशि बढ़कर 3.5 बिलियन स्विस फ्रैंक (लगभग 37,600 करोड़ रुपये) हो गई है। इस वृद्धि का मुख्य कारण स्थानीय शाखाओं और वित्तीय संस्थानों द्वारा बड़ी मात्रा में धन जमा करना है। हालांकि, भारतीय ग्राहकों के खातों में जमा धन 11% बढ़कर 346 मिलियन स्विस फ्रैंक (करीब 3,675 करोड़ रुपये) हुआ, जो दरअसल कुल जमा राशि का लगभग 10% ही है। बाकी पैसा बैंकों, वित्तीय संस्थानों, बॉन्ड्स और सिक्योरिटीज जैसे माध्यमों से जमा किया गया है।

2023 में, स्विस बैंकों में जमा भारतीयों और भारतीय कंपनियों के पैसे में भारी गिरावट दर्ज की गई थी। ये रकम 70% गिरकर 4 साल के निचले स्तर पर थी। जिससे कुल धनराशि घटकर करीब 9,771 करोड़ रुपये या 1.04 अरब स्विस फ्रैंक रह गई थी। लेकिन 2024 में भारतीयों द्वारा स्विस बैंकों में जमा की गई धनराशि में अहम बढ़ोतरी हुई है, जो 2021 के बाद से सबसे बड़ी बढ़ोतरी है। 2021 में भारतीय पैसा 14 साल के सबसे ऊंचे स्तर 3.83 अरब स्विस फ्रैंक पर पहुंच गया था। यह आंकड़े स्विस नेशनल बैंक (SNB) द्वारा जारी किए गए हैं।

19 साल पहले रिकॉर्ड उच्चतम स्तर पर थी जमा राशि

स्विस नेशनल बैंक द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 19 वर्ष पहले 2006 में कुल राशि करीब 6.5 अरब स्विस फ्रैंक के रिकॉर्ड उच्चस्तर पर थी। इसके बाद 2011, 2013, 2017, 2020 और 2021 समेत कुछ सालों को छोड़कर यह राशि अधिकतर नीचे की ओर गिरती रही है। दूसरी ओर, बैंक फॉर इंटरनेशनल सेटलमेंट (BIS) ने 2024 के दौरान ऐसी राशियों में करीब 6% की वृद्धि दिखाते हुए 74.8 मिलियन अमेरिकी डॉलर (लगभग 650 करोड़ रुपये) की बढ़ोतरी की है। हालांकि 2020 में लगभग 39% की वृद्धि के बाद 2023 में इसमें 25%, 2022 में 18% तथा 2021 में 8% से अधिक की गिरावट आई थी।