NEET UG 2025 Result Announced: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने नीट यूजी 2025 का परिणाम आधिकारिक रूप से घोषित कर दिया। नतीजों के साथ टॉपर्स की सूची भी जारी की है। परीक्षा में शामिल हुए उम्मीदवार अब अपना स्कोरकार्ड neet.nta.nic.in पर जाकर देख सकते हैं। बतादें, इस वर्ष नीट यूजी में करीब 20.8 लाख छात्रों ने भाग लिया था। जिसमें राजस्थान के महेश कुमार 720 में से 686 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया टॉपर (NEET 2025 AIR 1) बनें हैं। ।
नीट यूजी की इस साल की परीक्षा में राजस्थान के महेश कुमार ने ऑल इंडिया फर्स्ट रैंक (AIR 1) हासिल किया है। वहीं, मध्य प्रदेश के उत्कर्ष अवधिया दूसरे और महाराष्ट्र के कृषांग जोशी तीसरे स्थान पर रहे। दूसरी ओर लड़कियों में अविका अग्रवाल ने बाजी मारी है। वह लड़कियों में सबसे ज्यादा अंक प्राप्त कर देशभर में अव्वल रहीं। टॉपर्स की इस सूची में अन्य राज्यों के छात्र छात्राओं ने भी जगह बनाई है।
NEET UG 2025 के लिए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने सभी श्रेणियों के लिए कटऑफ स्कोर जारी कर दिए हैं। इस साल सामान्य (General) और ईडब्ल्यूएस (EWS) वर्ग के उम्मीदवारों के लिए कटऑफ स्कोर 686 से 144 के बीच तय किया गया है। वहीं, सामान्य / ईडब्ल्यूएस – पीडब्ल्यूडी (दिव्यांग) वर्ग के उम्मीदवारों के लिए यह कटऑफ 143 से 127 के बीच रहा। इसके अलावा ओबीसी (OBC), एससी (SC) और एसटी (ST) श्रेणियों के लिए नीट यूजी 2025 का कटऑफ स्कोर 143 से 113 के बीच रहा। वहीं ओबीसी/एससी/एसटी – पीडब्ल्यूडी श्रेणी की कट ऑफ 126 – 113 रही है।
उत्तरप्रदेश में फिरोजाबाद के मुक्तेश तन्मय ने नीट 2025 परीक्षा में पहला स्थान प्राप्त किया है। मुक्तेश ने फिरोजाबाद के केंद्रीय विद्यालय ओईएफ हजरतपुर से 12वीं की है। मुक्तेश ने नीट 2025 की परीक्षा में ऑल इंडिया 36 रैंक (AIR 36) हासिल की है। वहीं, जनरल वर्ग में मुक्तेश की 28वीं रैंक है। मुक्तेश ने बायोलॉजी, फिजिक्स और केमिस्ट्री तीनों विषयों में 99 परसेंटाइल से अधिक अंक प्राप्त किए। मुक्तेश ने कुल 720 में से 661 अंक हासिल किए हैं।
NTA ने नीट यूजी 2025 का परिणाम किया घोषित, लड़कों में महेश कुमार और लड़कियों में अविका अग्रवाल बने ऑल इंडिया टॉपर, फिरोजाबाद के मुक्तेश तन्मय ने किया उत्तरप्रदेश टॉप।