आज देश भर में धूमधाम से मनाई जा रही है श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, मथुरा-वृंदावन में लगा लाखों भक्तों का तांता, सीएम योगी ने मथुरा पहुंचकर की पूजा-अर्चना।

आज देश भर में धूमधाम से मनाई जा रही है श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, मथुरा-वृंदावन में लगा लाखों भक्तों का तांता, सीएम योगी ने मथुरा पहुंचकर की पूजा-अर्चना।
August 16, 2025 at 12:53 pm

Shri Krishna Janmashtami 2025 Celebration: आज 16 अगस्त को देशभर में बड़े धूमधाम से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई जा रही है। मथुरा-वृंदावन में इस पर्व को मनाने के लिए लाखों भक्त मौजूद हैं। बांके बिहारी मंदिर, प्रेम मंदिर, जन्म भूमि और कई मंदिरों के बाहर अपने आराध्य के दर्शन करने वालों की लंबी लाइनें लगी हैं। देश भर में श्रीकृष्ण मंदिरों को दुल्हन की तरह सजाया गया है। श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा-वृंदावन में देश के विभिन्न क्षेत्रों के साथ विदेश से भी श्रद्धालु आए हैं। इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मथुरा पहुंचे हैं। उन्होंने यहां दर्शन और पूजन करने के बाद कई घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज शनिवार को सुबह 11:39 पर मथुरा में वेटरनेरी विश्वविद्यालय के हैलीपैड पर उतरे। यहां से वह सड़क मार्ग से श्री कृष्ण जन्मस्थान के लिए रवाना हुए। उन्होंने श्री कृष्ण जन्मस्थान पर पहुंचकर सर्वप्रथम केशव देव महाराज के दर्शन किये। इसके बाद योगमाया के दर्शन करने के उपरांत वह गर्भगृह में पहुंचे। यहां पहुंचकर मुख्यमंत्री ने पूजा अर्चना की। इसके बाद मुख्यमंत्री भागवत भवन पहुंचे और वहां भी अपने आराध्य के दर्शन कर पूजन-अर्चन किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ ने ‘वृंदावन बिहारी लाल’ और ‘जय श्री राधे’ के जयकारे लगाए। जयकारों से से पूरा परिसर गूंज उठा। मुख्यमंत्री ने श्री कृष्ण के 5252वें जन्मोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा, “यह ब्रजभूमि भगवान विष्णु के पूर्ण अवतार श्रीकृष्ण की लीलाओं की भूमि है, और यह हम सबका सौभाग्य है कि भगवान के कई अवतारों ने उत्तर प्रदेश की भूमि को कृतार्थ किया है।” उन्होंने आगे कहा कि अयोध्या से लेकर मथुरा तक, ये स्थान हमारी आध्यात्मिक विरासत के प्रतीक हैं।

लखनऊ से मथुरा के लिए प्रस्थान करने से पहले उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘X’ पर लिखा- “आज भगवान श्रीकृष्ण के 5,252वें जन्मोत्सव के पावन अवसर पर मथुरा-वृन्दावन की पावन धरा पर मथुरा वासियों के जीवन को सरल, सुखद और समृद्ध बनाने के उद्देश्य से सर्वांगीण विकास को समर्पित ₹645 करोड़ की 118 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास करूंगा। इस अवसर पर पूज्य साधु-संतों के सम्मान का भी सौभाग्य प्राप्त होगा। आधुनिकता और अध्यात्म के संगम की साक्षी बनेगी यह पुण्यधरा। वृंदावन बिहारी लाल की जय!”