Sushila Karki Took Oath As Nepal’s Interim PM: आज शुक्रवार 12 सितंबर को नेपाल में पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की को अंतरिम सरकार की बागडोर सौंपी गई। राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने राष्ट्रपति भवन में उन्हें शपथ दिलाई। यह निर्णय युवाओं के हिंसक प्रदर्शनों के बाद उपजे राजनीतिक संकट के बीच लिया गया। इससे पहले नेपाल की संसद को भंग कर दिया गया था।
पूर्व न्यायाधीश सुशीला कार्की शपथ लेते ही नेपाल की पहली महिला अंतरिम प्रधानमंत्री बन गई हैं। सुशीला कार्की के शपथ ग्रहण समारोह में उपराष्ट्रपति रामसहाय यादव, मुख्य न्यायाधीश प्रकाश सिंह रावत, काठमांडू के मेयर बालेन शाह मौजूद रहे। अचानक आए इस राजनीतिक संकट की भरपाई के लिए माना जा रहा है कि अंतरिम कैबिनेट आज रात ही पहली बैठक कर सकती है।
सुशीला कार्की का जन्म 7 जून 1952 को विराटनगर में हुआ था। उन्होंने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। इसके बाद उन्होंने कानून की पढ़ाई नेपाल की त्रिभुवन विश्वविद्यालय से की। पढ़ाई पूरी करने के बाद वकालत और कानूनी सुधारों के क्षेत्र में काम करते हुए न्यायपालिका के सर्वोच्च पद तक पहुंचीं। सुशीला नेपाल की पहली मुख्य न्यायाधीश बनीं। मुख्य न्यायाधीश रहते हुए उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में कई ऐतिहासिक मामलों की सुनवाई की।
भ्रष्टाचार और सोशल मीडिया पर प्रतिबंध के खिलाफ नेपाल में हुए ‘Gen Z’ प्रदर्शन में अब तक 52 लोगों की मौत हुई है, जिसमें 1 भारतीय भी शामिल है। काठमांडू के एक स्थानीय अखबार के अनुसार, नेपाल पुलिस के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) ने कहा कि मृतकों में एक भारतीय नागरिक, 3 पुलिसकर्मी और अन्य नेपाली नागरिक शामिल हैं।