IND vs ENG – 2nd Test (Day 3, Session 3): भारत और इंग्लैंड के बीच जारी एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन इंग्लैंड की टीम पहली पारी में 407 रन पर सिमट गई। वहीं, भारत ने शुभमन गिल के दोहरे शतक की मदद से पहली पारी में 587 रन बनाए थे। इस तरह भारत ने पहली पारी के आधार पर 180 रन की बढ़त हासिल कर ली।
आज तीसरे दिन इंग्लैंड के खेल की शुरुआत 77/3 के स्कोर से हुई। लेकिन ये शुरुआत अच्छी नहीं हुई। मोहम्मद सिराज ने दिन के दूसरे ओवर में ही इंग्लैंड के 2 बल्लेबाजों को पवेलियन लौटा दिया। पहले उन्होंने जो रूट (22) को पंत के हाथों कैच कराया और उसके बाद कप्तान बेन स्टोक्स को भी पवेलियन वापस भेज दिया। स्टोक्स बिना खाता खोले आउट हुए।
एक समय इंग्लैंड के 5 विकेट 84 के स्कोर पर गिर चुके थे। लेकिन उसके बाद हैरी ब्रूक और जेमी स्मिथ ने पारी को संभाला और संकटमोचक साबित हुए। इन दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 368 गेंदों में 303 रनों की साझेदारी हुई। इस साझेदारी के दौरान जेमी स्मिथ ने 80 गेंदों में अपने टेस्ट करियर का दूसरा शतक पूरा किया जबकि स्मिथ ने 137 गेंदों में अपना 9वां टेस्ट शतक पूरा किया।
तीसरे दिन के दूसरे सत्र का खेल 355/5 के स्कोर पर समाप्त हुआ था। तीसरे सत्र में आकाश दीप ने हैरी ब्रूक को अपना शिकार बनाया और जेमी स्मिथ के साथ हुई 303 रनों की साझेदारी को तोड़ा। हैरी ब्रूक 234 गेंदों में 17 चौके और 1 छक्के की मदद से 158 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, स्मिथ 207 गेंदों में 21 चौके और 4 छक्के की मदद से 184 रन बनाकर नाबाद रहे। आकाश दीप ने स्मिथ के अलावा तीसरे सत्र में क्रिस वोक्स को भी आउट किया। वह सिर्फ 5 रन ही बना सके। इसके बाद सिराज ने ब्रायडन कार्स, जोश टंग और शोएब बशीर को एक एक कर पवेलियन भेजा। तीनों बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। भारत के लिए मोहम्मद सिराज ने 6 और आकाश दीप ने 4 विकेट हासिल किए।