“भारत की सीमा में घुसते ही लगा अब सुरक्षित हैं ..” अबू धाबी से स्पेशल फ्लाइट में लौटे 300 भारतीयों ने सुनाई खौफनाक आपबीती

“भारत की सीमा में घुसते ही लगा अब सुरक्षित हैं ..” अबू धाबी से स्पेशल फ्लाइट में लौटे 300 भारतीयों ने सुनाई खौफनाक आपबीती
March 3, 2026 at 1:34 pm

पश्चिम एशिया में जारी ईरान-इजराइल-अमेरिका संघर्ष के बीच संयुक्त अरब अमीरात के अबू धाबी एयरपोर्ट पर हुए मिसाइल और ड्रोन हमलों के बाद फंसे भारतीयों की वापसी शुरू हो गई है। सोमवार रात पहली विशेष उड़ान से 300 से अधिक भारतीय सुरक्षित दिल्ली पहुंचे। विमान के भारतीय हवाई क्षेत्र में प्रवेश करते ही यात्रियों और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली।

“भारतीय सीमा में आते ही लगा अब सुरक्षित हैं”

दिल्ली एयरपोर्ट पर अपने बेटे को लेने पहुंचे 55 वर्षीय विनोद शर्मा की आंखें नम थीं। उन्होंने बताया, “हम लगातार फ्लाइट ट्रैक कर रहे थे। जैसे ही विमान भारतीय सीमा में दाखिल हुआ, तभी लगा कि अब सब ठीक है।” उनका बेटा मैनचेस्टर (यूके) से आ रहा था और ट्रांजिट के दौरान अबू धाबी में फंस गया था।

50 वर्षीय दानिश्ता परवीन ने अपनी 26 वर्षीय बेटी को गले लगाते हुए कहा, “वह एतिहाद एयरवेज में काम करती है। उसने फोन पर बताया था कि मिसाइलों की वजह से एयरपोर्ट की दीवारें हिल रही थीं। कल उसका जन्मदिन है, इस बार हम साथ मना पाएंगे।”

52 वर्षीय शशि परमा ने कहा कि दो दिन बाद पहली बार उन्हें सुरक्षित महसूस हुआ है। वहीं 42 वर्षीय राहुल कुमार ने बताया, “हमने कई बार आसमान में मिसाइलों को रोके जाते देखा। उनके टुकड़े होटल के पास गिरते महसूस हुए। यह अनुभव बेहद डरावना था।”

कौन-कौन सी फ्लाइटें पहुंचीं?

अबू धाबी से कुल चार विशेष उड़ानें भारत पहुंचीं—

  • दिल्ली – रात 8:30 बजे (एतिहाद एयरवेज फ्लाइट EY 216, टर्मिनल-3)
  • मुंबई – शाम 7:40 बजे
  • बेंगलुरु – रात 9:45 बजे
  • कोच्चि – रात 10:10 बजे

आने वाले दिनों में अन्य एयरलाइंस की अतिरिक्त उड़ानों के जरिए सैकड़ों और भारतीयों की वापसी की तैयारी है।

दिल्ली एयरपोर्ट पर दिखा असर

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर दिल्ली एयरपोर्ट पर भी साफ नजर आया। सोमवार को कम से कम 87 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द हुईं, जबकि 200 से अधिक घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें देरी से चलीं। रविवार को यह संख्या और अधिक थी।

टिकट काउंटरों पर यात्रियों की भीड़ देखी गई। कई लोग उड़ानें दोबारा बुक कराने और जानकारी लेने में जुटे रहे। कुछ यात्रियों को अस्थायी वीजा देकर टर्मिनल से बाहर जाने की अनुमति दी गई।

अबूधाबी में क्या हुआ था?

अबू धाबी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा उन स्थानों में शामिल था जिन्हें ईरान की ओर से किए गए ड्रोन और मिसाइल हमलों में नुकसान पहुंचा। यह हमला अमेरिका और इजराइल की सैन्य कार्रवाई के जवाब में बताया जा रहा है। हमले में एक व्यक्ति की मौत और कई लोगों के घायल होने की खबर है।

भावुक पल, राहत के आंसू

दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर भावुक दृश्य देखने को मिले। कई लोग फूल लेकर अपने परिजनों का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही यात्री बाहर आए, गले मिलते ही खुशी के आंसू छलक पड़े।

फिलहाल हालात धीरे-धीरे सामान्य होने की उम्मीद जताई जा रही है, लेकिन पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच सतर्कता अभी भी बरकरार है।