अमेरिका ने परमाणु मिसाइल का किया टेस्ट, ईरान से जंग के बीच हिंद महासागर में जंगी जहाज डुबोया

अमेरिका ने परमाणु मिसाइल का किया टेस्ट, ईरान से जंग के बीच हिंद महासागर में जंगी जहाज डुबोया
March 5, 2026 at 2:56 pm

मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच अमेरिका और ईरान के बीच तनाव और गहरा हो गया है. इस बीच अमेरिका ने परमाणु क्षमता वाली मिनुटमैन-3 बैलिस्टिक मिसाइल का टेस्ट किया है, जिसे मौजूदा हालात में बड़ा सैन्य संकेत माना जा रहा है.

इसी दौरान अमेरिकी सेना ने हिंद महासागर में ईरान के एक जंगी जहाज को निशाना बनाकर डुबो दिया. अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ के मुताबिक, यह हमला श्रीलंका के पास समुद्री क्षेत्र में अमेरिकी सबमरीन द्वारा टॉरपीडो दागकर किया गया.

बताया जा रहा है कि जहाज पर करीब 140 लोग सवार थे, जिनमें से अब तक 80 सैनिकों के शव बरामद किए जा चुके हैं. पेंटागन ने इस ऑपरेशन का वीडियो भी जारी किया है और इसे बड़े सैन्य अभियान की शुरुआत बताया है.

इजरायल ने ईरान पर तेज की बमबारी

उधर इजरायल ने भी ईरान के खिलाफ हमले तेज कर दिए हैं. इजरायली सेना ने शनिवार से अब तक 5,000 से ज्यादा घातक बम और गोले दागे हैं. इन हमलों का मुख्य निशाना ईरान की राजधानी तेहरान और आसपास के सैन्य ठिकाने बताए जा रहे हैं.

इसके साथ ही इजरायली सैनिक लेबनान सीमा में घुसकर जमीनी अभियान चला रहे हैं. संयुक्त राष्ट्र की शांति सेना ने भी इस घुसपैठ की पुष्टि की है.

ईरान में इंटरनेट ब्लैक आउट, जवाबी हमले की चेतावनी

ईरान के भीतर हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं. ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने कहा है कि अमेरिका और इजरायल के लगातार हमलों के बाद अब ईरान के पास जवाब देने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है.

इसी बीच ईरान ने इजरायल पर कई मिसाइलें दागी हैं. सुरक्षा कारणों से पूरे देश में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं, जिससे वहां की स्थिति को लेकर जानकारी सीमित हो गई है.

5 दिनों में 1100 से ज्यादा लोगों की मौत

ईरानी स्टेट मीडिया के मुताबिक पिछले पांच दिनों में हमलों के कारण 1100 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और कई शहरों में भारी तबाही हुई है.

कतर और तुर्किये ने की शांति की अपील

कतर के प्रधानमंत्री ने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची से फोन पर बात कर हमलों को तुरंत रोकने की अपील की है. वहीं तुर्किये ने दावा किया है कि ईरान से दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल को नाटो के एयर और मिसाइल डिफेंस सिस्टम ने पूर्वी भूमध्यसागर क्षेत्र में मार गिराया.

कई देश अपने नागरिकों को निकाल रहे

बढ़ते संघर्ष के बीच भारत समेत कई देश मिडिल ईस्ट से अपने नागरिकों को निकालने में लगे हैं. अमेरिका ने भी तीन देशों में अपने दूतावास बंद कर दिए हैं और अपने नागरिकों को क्षेत्र छोड़ने की चेतावनी दी है.