भारत-पाकिस्तान सीजफायर पर 5 दिन बाद डोनाल्ड ट्रम्प ने लिया यू-टर्न, पहले कहा था युद्धविराम कराया, अब बोले- मैंने सिर्फ मदद की।

भारत-पाकिस्तान सीजफायर पर 5 दिन बाद डोनाल्ड ट्रम्प ने लिया यू-टर्न, पहले कहा था युद्धविराम कराया, अब बोले- मैंने सिर्फ मदद की।

Trump Takes U-turn On Mediation Claims: 22 अप्रैल को हुए पहलगाम हमले के जवाब में भारत ने पाकिस्तान पर की एयरस्ट्राइक में 100 से अधिक आतंकी मारे। फिर दोनों देशों की ओर से जवाबी हमले हुए। इसके बाद अचानक से दोनों देश सीजफायर के लिए सहमत हो गए। जिसका श्रेय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने लिया। भारत के विरोध जताने के बाद अब डोनाल्ड ट्रम्प भारत-पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम (सीजफायर) कराने के अपने बयान से पलट गए हैं। उन्होंने 15 मई को कहा कि मैंने दोनों देशों के बीच मध्यस्थता नहीं कराई, लेकिन मैंने मदद की है।

डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा, ‘मैं ये नहीं कहता कि ये मैंने किया, लेकिन ये पक्का है कि पिछले हफ्ते भारत-पाकिस्तान के बीच जो हुआ, मैंने उसे सेटल करने में मदद की। भारत-पाकिस्तान के बीच और भी भयावह हमले हो सकते थे। दोनों देशों ने अचानक मिसाइल दागनी शुरू कर दी, लेकिन हमने सब सेटल कर दिया।’ ट्रम्प ने 10 मई को दोनों देशों के बीच मध्यस्थता का ऐलान किया था। उन्होंने कहा था,’ मुझे यह ऐलान करते हुए खुशी हो रही है कि अमेरिका की मध्यस्थता में एक लंबी बातचीत के बाद भारत और पाकिस्तान पूर्ण और तत्काल युद्धविराम पर सहमत हो गए हैं। दोनों देशों को समझदारी दिखाने के लिए बधाई।’

ट्रम्प ने कहा, वे (भारत-पाकिस्तान) बीते 1000 साल से लड़ रहे हैं। मैंने कहा कि मैं समझौता करा सकता हूं। और मैंने समझौता करा दिया। मैंने कहा कि मुझे इसे निपटाने दो। चलो, उन सभी को एक साथ लाते हैं। आप एक हजार सालों से लड़ रहे हैं और कितना लड़ते रहेंगे। मैं समझौते को लेकर आश्वस्त नहीं था। ये बहुत मुश्किल था। वे लंबे समय से लड़ रहे थे। यह वास्तव में नियंत्रण से बाहर होने जा रहा था।’