मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच ईरान ने कतर में स्थित अमेरिका के अल उदैद एयरबेस को निशाना बनाते हुए मिसाइल हमला किया है। कतर के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक ईरान ने दो बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं, जिनमें से एक को एयर डिफेंस सिस्टम ने हवा में ही मार गिराया, जबकि दूसरी मिसाइल एयरबेस के परिसर में गिरी। हालांकि इस हमले में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
नतांज परमाणु संयंत्र को नुकसान
इस बीच ईरान के नतांज परमाणु संयंत्र की नई सैटेलाइट तस्वीरों में भारी नुकसान के संकेत मिले हैं। कोलोराडो स्थित एक इमेजिंग कंपनी ने सोमवार को जारी तस्वीरों में दावा किया है कि संयंत्र परिसर की कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। इनमें कर्मचारियों के रहने वाले भवन भी शामिल बताए जा रहे हैं।
रिपोर्ट के अनुसार भूमिगत यूरेनियम संवर्धन केंद्र के वाहन प्रवेश द्वार को भी नुकसान पहुंचा है। इससे पहले अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) ने भी पुष्टि की थी कि अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद नतांज साइट को क्षति पहुंची है। हालांकि एजेंसी ने साफ किया है कि फिलहाल किसी तरह के रेडिएशन रिसाव का खतरा नहीं है।
दुबई में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास पर भी हमले का दावा
ईरानी मीडिया ने यह भी दावा किया है कि दुबई स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावास को एयरस्ट्राइक में निशाना बनाया गया। हालांकि अभी तक इस हमले में किसी बड़े नुकसान या हताहत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
अगला सुप्रीम लीडर कौन?
इसी बीच न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ईरान के मौजूदा सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के बेटे मोजतबा खामेनेई अगले सुप्रीम लीडर बनने की दौड़ में सबसे आगे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक वरिष्ठ धर्मगुरुओं की बैठक में उनके नाम पर चर्चा हुई है और जल्द इस पर फैसला हो सकता है। हालांकि विश्लेषकों का मानना है कि यदि उनका नाम आधिकारिक रूप से सामने आता है तो वे अमेरिका और इजरायल के निशाने पर आ सकते हैं।
भारत ने जारी की एडवाइजरी
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच भारत सरकार ने अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। विदेश मंत्रालय ने एक विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया है और कई देशों में भारतीय दूतावासों के आपातकालीन नंबर जारी किए हैं, ताकि संकट की स्थिति में भारतीय नागरिक तुरंत मदद ले सकें।
MEA कंट्रोल रूम
(सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक)
विभिन्न देशों में भारतीय दूतावास हेल्पलाइन
बहरीन: +973 39418071
ईरान: +98 9128109115, +98 912810910, +98 932179359
इराक: +964 771 651 1185, +964 770444 4899
इजरायल: +972 54 7520711, +972 54 2428378
जॉर्डन: +962 770 422 276
कुवैत: +965 65501946
लेबनान: +961 76860128
ओमान: +968 98282270 (व्हाट्सएप), 80071234 (टोल फ्री)
कतर: +974 55647502
फिलिस्तीन (रामल्ला): +970 592916418
सऊदीअरब (रियाद): +966 11 4884697, 800 247 1234
सऊदीअरब (जेद्दा): +966 126648660, +966 12 2614093
यूएई: +971 543090571 (व्हाट्सएप), 800 46342
ईरान का कतर पर मिसाइल हमला, अमेरिका के अल उदैद एयरबेस को बनाया निशाना; नतांज परमाणु संयंत्र को भी नुकसान