बांग्लादेश की राजनीति में आज एक अहम मोड़ देखने को मिलेगा। बांग्लादेश नेशन लिस्ट पार्टी (BNP) के अध्यक्ष तारीक रहमान आज प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। 13वें आम चुनाव में पार्टी को मिली भारी जीत के बाद वे देश की बागडोर संभालेंगे।
शपथ ग्रहण समारोह मंगलवार शाम 4 बजे ढाका स्थित संसद भवन के साउथ प्लाजा में आयोजित किया जाएगा। मोहम्मद शहाबुद्दीन नए प्रधानमंत्री और मंत्रिमंडल को शपथ दिलाएंगे। इससे पहले सुबह 10 बजे नवनिर्वाचित सांसदों का शपथ ग्रहण होगा, जबकि 11:30 बजे BNP संसदीय दल की बैठक में तारीक रहमान को औपचारिक रूप से नेता चुना जाएगा।
अंतरराष्ट्रीय मौजूदगी
इस समारोह में कई देशों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। भारत की ओर से ओमबिरला शामिल होंगे। उनके साथ विक्रम मिस्री और उत्पल कुमार सिंह की उपस्थिति भी संभावित है। इसके अलावा मालदीव, पाकिस्तान, मलेशिया, तुर्की, श्रीलंका, चीन, सऊदी अरब, यूएई और ब्रुनेई के प्रतिनिधियों को भी न्योता दिया गया है।
राजनीतिक संवाद
चुनावी जीत के बाद तारीक रहमान ने अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों से भी मुलाकात की। उन्होंने जमात-ए-इस्लामी के प्रमुख शफीकुर रहमान और नेशनल सिटीजन पार्टी के संयोजक नाहिद इस्लाम से बातचीत कर राजनीतिक सौहार्द का संदेश दिया।
BNP की बंपर जीत
चुनाव आयोग के अनुसार कुल 297 सीटों में से BNP ने 209 सीटें हासिल कीं, जबकि जमात-ए-इस्लामी को 68 सीटें मिलीं। अवामी लीग इस चुनाव में हिस्सा नहीं ले सकी। यह चुनाव 12 फरवरी को उस राजनीतिक अस्थिरता के बाद कराया गया, जो अगस्त 2024 के छात्र आंदोलन के बाद पैदा हुई थी।
इस चुनाव में अल्पसंख्यक समुदाय के चार उम्मीदवार, जिनमें दो हिंदू शामिल हैं, BNP के टिकट पर जीतकर संसद पहुंचे हैं। देश की कुल आबादी में हिंदू समुदाय की हिस्सेदारी लगभग 8 प्रतिशत बताई जाती है।
तारीक रहमान आज लेंगे प्रधानमंत्री पद की शपथ, शाम 4 बजे ढाका में समारोह; भारत से लोकसभा अध्यक्ष होंगे शामिल