थाईलैंड में बुधवार सुबह एक भीषण रेल दुर्घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। नाखोन रत्चासिमा प्रांत के सिखियो जिले में एक यात्री ट्रेन उस समय हादसे का शिकार हो गई, जब निर्माण कार्य में लगा एक भारी क्रेन अचानक चलती ट्रेन पर गिर पड़ा। टक्कर के बाद ट्रेन पटरी से उतर गई और कई डिब्बे पलट गए।
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, इस हादसे में अब तक 22 यात्रियों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 30 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घटना के तुरंत बाद राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच गए और मलबे में फंसे यात्रियों को निकालने का अभियान शुरू किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह क्रेन बैंकॉक से उबोन रत्चाथानी तक प्रस्तावित हाई-स्पीड रेल परियोजना के निर्माण में इस्तेमाल की जा रही थी। तकनीकी गड़बड़ी या सुरक्षा चूक के कारण क्रेन अचानक असंतुलित होकर ट्रैक पर आ गिरी, जिससे ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतर गए और आग भी लग गई।
स्थानीय मीडिया में सामने आए वीडियो में देखा गया कि दुर्घटनास्थल पर धुएं का गुबार उठ रहा था और राहतकर्मी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटे थे। प्रशासन ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन अब भी तलाशी अभियान जारी है।
सरकारी जनसंपर्क विभाग ने कहा है कि हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं और यह पता लगाया जा रहा है कि सुरक्षा मानकों में कहां चूक हुई। अधिकारियों ने मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता देने का भरोसा भी दिलाया है।