शीर्षस्थ गुजरात टाइटंस को नीचस्थ चेन्नई सुपरकिंग्स ने 83 रनों से रौंदा, कॉनवे (52) और ब्रेविस (57) के शानदार अर्धशतक, अंशुल कंबोज और नूर अहमद झटके 3-3 विकेट।

शीर्षस्थ गुजरात टाइटंस को नीचस्थ चेन्नई सुपरकिंग्स ने 83 रनों से रौंदा, कॉनवे (52) और ब्रेविस (57) के शानदार अर्धशतक, अंशुल कंबोज और नूर अहमद झटके 3-3 विकेट।
May 25, 2025 at 4:33 pm

GT vs CSK – IPL 2025 (67 of 74): आज 25 मई को आईपीएल 2025 का 67वां मैच गुजरात टाइटंस (GT) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच अहमदाबाद के नरेंद मोदी स्टेडियम में खेला गया। टॉस जीतकर सीएसके ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 230 रन बनाए। इसके जवाब में गुजरात की टीम 18.3 ओवर में 147 रन पर ऑलआउट हो गई और इस तरह चेन्नई ने ये मुकाबला 83 रनों से जीत लिया। डेवाल्ड ब्रेविस को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

टॉस जीतकर चेन्नई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अच्छी शुरुआत की। सलामी जोड़ी आयुष म्हात्रे और कॉनवे ने पहले विकेट के लिए 44 रनों की साझेदारी की। म्हात्रे ने 17 गेंदों पर 34 रन बनाए और प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर आउट हुए। कॉनवे और उर्विल पटेल ने अर्धशतकीय साझेदारी निभाई। उर्विल 19 गेंदों पर 37 रन बनाकर साई किशोर की गेंद पर आउट होकर पवेलियन लौटे। शाहरुख खान ने शिवम दुबे को 17 रन पर आउट किया।

कॉनवे ने 34 गेंदों पर पचासा जड़ा लेकिन राशिद खान की अगली ही गेंद पर आउट हो गए। कॉनवे ने 35 गेंदों पर 6 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 52 रन बनाए। ब्रेविस और रवींद्र जडेजा ने 5वें विकेट के लिए 39 गेंदों पर 74 रन जोड़े। ब्रेविस पारी की अंतिम गेंद पर आउट हुए। उन्होंने 23 गेंदों पर 4 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 57 रन बनाए। जडेजा ने 18 गेंदों पर 1 चौका और 1 छक्का की मदद से 21 रन बनाए। गुजरात के लिए प्रसिद्ध कृष्णा ने 2 विकेट लिए, जबकि आर साई किशोर, राशिद खान और शाहरुख खान को 1-1 विकेट मिले।

231 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात की शुरुआत बहुत खराब रही। गुजरात ने एक समय 30 रन पर 3 विकेट गंवा दिए। शुभमन गिल 13 रन बनाकर, जोस बटलर 5 और रदरफोर्ड बिना खाते खोले पवेलियन लौट गए। गुजरात की ओर से सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन ने सर्वाधिक 41 रन बनाए, जबकि अरशद खान 20, शाहरुख खान 19, राहुल तेवतिया ने 14, राशिद खान 12 रन और गेराल्ड कोएट्जे 5 रन बनाकर आउट हुए। चेन्नई के लिए अंशुल कंबोज और नूर अहमद ने सबसे ज्यादा 3-3 विकेट झटके, जबकि रवींद्र जडेजा ने 2 विकेट हासिल किए। वहीं, खलील अहमद और मथीशा पथिराना को 1-1 विकेट मिला।