मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस को 20 रन से हराकर खिताब की दौड़ से किया बाहर, रोहित शर्मा (81) का शानदार अर्धशतक, साई सुदर्शन (80) की पारी गई बेकार।

मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस को 20 रन से हराकर खिताब की दौड़ से किया बाहर, रोहित शर्मा (81) का शानदार अर्धशतक, साई सुदर्शन (80) की पारी गई बेकार।
May 30, 2025 at 6:45 pm

GT vs MI (Play-off) – IPL 2025 (72 of 74): आज 30 मई को आईपीएल 2025 का एलिमिनेटर मैच (72वां मैच) गुजरात टाइटंस (GT) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच न्यू चंडीगढ़ में खेला गया। मुंबई के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 228 रन बनाए। जवाब में गुजरात की टीम 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 208 रन ही बना सकी और इस तरह मुंबई ने यह मुकाबला 20 रन से जीत लिया। रोहित शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। अब मुंबई का मुकाबला पंजाब से 1 जून होगा। इन दोनों में जो जीतेगा वो आरसीबी के साथ 3 जून को फाइनल में भिड़ेगा।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई की शुरुआत बहुत अच्छी हुई। सलामी जोड़ी रोहित शर्मा और जॉनी बेयरस्टो ने पहले विकेट के लिए 84 रनों की साझेदारी की। बेयरस्टो का यह डेब्यू मैच था। जिसे साई किशोर ने गेराल्ड कोएत्जी के हाथों कैच कराया। बेयरस्टो ने 22 गेंदों में 4 चौके और 3 छक्के की मदद से 47 रन बनाए। इसके बाद रोहित का साथ देने सूर्यकुमार यादव आए। फिर दोनों ने 34 गेंदों में 59 रन जोड़े। सूर्यकुमार यादव 20 गेंदों में 33 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

इस एलिमिनेटर मैच में रोहित शर्मा ने अपना अर्धशतक 28 गेंदों में पूरा किया। इसके साथ ही उन्होंने आईपीएल में 300 छक्के भी पूरे कर लिए। आईपीएल में सबसे ज्यादा छक्के क्रिस गेल ने लगाए हैं। रोहित ने 50 गेंदों में 9 चौके और 4 छक्के की मदद से 81 रन बनाए। वहीं, तिलक 11 गेंदों में 25 और नमन धीर 9 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान हार्दिक पांड्या 9 गेंदों में 3 छक्के की मदद से 22* रन बनाकर और सैंटनर बिना खाता खोले नाबाद रहे। गुजरात के लिए प्रसिद्ध कृष्णा और साई किशोर ने 2-2 विकेट चटकाए। वहीं, मोहम्मद सिराज को 1 सफलता मिली।

229 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टीम की शुरुआत खराब रही। शुभमन गिल सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए। ट्रेंट बोल्ट ने उन्हें अपना शिकार बनाया। मिशेल सेंटनर ने कुशल मेंडिस को 20 रन पर आउट कर गुजरात को दूसरा झटका दिया। वॉशिंगटन सुंदर ने 24 गेंदों में 5 चौके और 3 छक्के की मदद से 48 रन बनाए।

इसके अलावा शेरफन रदरफोर्ड 15 गेंदों में 24 रन का योगदान दिया। उन्हें ट्रेंट बोल्ट ने तिलक वर्मा के हाथों कैच कराया। राहुल तेवतिया ने 11 गेंदों में नाबाद रहते हुए 16 रन बनाए। राशिद खान बिना खाता खोले नाबाद लौटे। शाहरुख खान ने 7 गेंदों में 13 रन बनाए। मुंबई के लिए ट्रेंट बोल्ट ने 2 विकेट चटकाए। जबकि जसप्रीत बुमराह, रिचर्ड ग्लीसन, मिचेल सेंटनर और अश्वनी कुमार ने 1-1 विकेट चटकाया।