Vacancies Tweet Deleted From UP Govt Handle: आज उत्तरप्रदेश सरकार के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से उत्तर प्रदेश में 2 लाख शिक्षकाें की भर्ती की राहत भरी खबर आई थी। लेकिन कुछ समय बाद इस ट्वीट को डिलीट कर दिया गया। इस ट्वीट में प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा जल्द ही शिक्षकों की बंपर भर्ती शुरू करने की खबर छपी थी। इस प्रक्रिया के तहत मार्च 2026 तक प्रदेश में 2 लाख शिक्षकों की भर्ती होगी। बीते सप्ताह केंद्र सरकार के साथ हुई बैठक में यूपी सरकार ने इससे संबंधित कार्य योजना पेश की थी। बैठक में बताया गया कि ये भर्तियां 3 चरणों में की जाएंगी। हर चरण में 65 हजार से ज्यादा शिक्षकों की नियुक्ति होगी। ये भर्तियां अगले साल मार्च 2026 तक पूरी कर ली जाएंगी। रिपोर्ट के अनुसार 1 लाख 93 हजार 862 पदों पर भर्तियां होनी हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के प्रोजेक्ट अप्रूवल बोर्ड की बैठक बीते गुरुवार को नई दिल्ली में हुई। इस बैठक में भारत सरकार के शिक्षा सचिव, प्रदेश के महानिदेशक स्कूल शिक्षा कंचन वर्मा, बेसिक शिक्षा की सहायक परियोजना निदेशक एकता सिंह और बेसिक शिक्षा सचिव डा. सारिका मोहन समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए थे। इस बैठक में उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों ने केंद्र को बताया कि राज्य सरकार मार्च तक तीन चरणों में 1 लाख 93 हजार 862 पदों पर शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया पूरी कर लेगी।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उत्तरप्रदेश में अगले साल तक कुल 2 लाख भर्तियों में से प्राइमरी स्कूलों में 1 लाख 81 हजार 276 शिक्षकों की भर्ती और माध्यमिक स्कूलों में 12 हजार 586 पदों पर भर्ती होगी। इनमें प्राइमरी शिक्षकों की भर्ती उत्तरप्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से की जाएगी। जबकि माध्यमिक स्कूलों के शिक्षकों की भर्ती उत्तरप्रदेश लोक सेवा चयन आयोग से कराने की तैयारी की गई है।
बता दें कि साल 2018 में सपा सरकार द्वारा रखे गए शिक्षा मित्रों को बड़े स्तर पर हटाया गया था जिसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने खाली हुई रिक्तियों को भरने के निर्देश दिए थे। जिसके बाद प्रदेश में 2 चरणों में 1 लाख 37 हजार 500 शिक्षकों की भर्तियां की गईं थीं। इस आदेश के तहत पहली बार में 68500 शिक्षकों की नियुक्ति की गई और दूसरे चरण में 69000 शिक्षकों की भर्ती हुई थी।
दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के अप्रूवर बोर्ड की बैठक में राज्य सरकार ने गुरुवार को बताया कि सत्र 2025-26 में शिक्षकों की बड़ी संख्या में रिक्तियां हैं। जिनमें कक्षा 1 से 5 तक के 1 लाख 81 हजार 276 पद, कक्षा 6 से 8 तक के 3 हजार 872 पद और कक्षा 9 से 10 तक के 8 हजार 714 पद खाली है।