बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र से एक संवेदनशील मामला सामने आया है, जिसने इलाके में हलचल मचा दी है। यहां 60 वर्षीय निजी स्कूल संचालक ने अपने ही स्कूल की 28 वर्षीय शिक्षिका से नेपाल में निकाह कर लिया। शादी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, औराई थाना क्षेत्र निवासी 60 वर्षीय स्कूल संचालक, जो चार बच्चों के पिता बताए जा रहे हैं, पर अपनी ही स्कूल की शिक्षिका के अपहरण और जबरन धर्म परिवर्तन का आरोप लगाया गया है।
युवती के भाई ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि 18 फरवरी को उसकी बहन स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों का आरोप है कि स्कूल संचालक ने उसे बहला-फुसलाकर नेपाल के जनकपुरधाम ले जाकर निकाह किया और धर्म परिवर्तन कराया।
एफआईआर में स्कूल संचालक की पत्नी और बेटी को भी आरोपी बनाया गया है।
शिक्षिका ने जारी किया वीडियो
विवाद बढ़ने के बाद शिक्षिका ने नेपाल से एक वीडियो जारी कर परिजनों के आरोपों को खारिज किया है। वीडियो में उसने कहा कि उसने अपनी मर्जी और पूरी समझदारी से निकाह किया है और उस पर किसी प्रकार का दबाव नहीं है।
उसने यह भी कहा कि उसके पति पर लगाए जा रहे आरोप बेबुनियाद हैं और उन्हें परेशान न किया जाए।
पुलिस अलर्ट, गांव में बढ़ाई गई सुरक्षा
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर गश्त बढ़ा दी गई है।
पुलिस ने नामजद आरोपियों के मोबाइल जब्त कर कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) खंगालना शुरू कर दिया है। शुरुआती जांच में दोनों के नेपाल के जनकपुरधाम में होने की पुष्टि हुई है।
अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने को प्राथमिकता दी जा रही है।
नेपाल में निकाह, बिहार में बवाल: 60 वर्षीय प्रिंसिपल ने 28 साल की शिक्षिका से की शादी, अपहरण का केस दर्ज