बिहार के भागलपुर शहर के लिए बड़ी खुशखबरी है। जल्द ही भागलपुर स्मार्ट सिटी अब मेट्रो सिटी के रूप में नई पहचान बनाने की ओर बढ़ रहा है। शहर में मेट्रो रेल परियोजना को लेकर दूसरा चरण का सर्वे शुरू हो चुका है। पहली सर्वे रिपोर्ट पहले ही सौंपी जा चुकी है और अब दूसरी रिपोर्ट भी जल्द ही संबंधित विभाग को सौंप दी जाएगी।
तीन लाइनों में दौड़ेगी मेट्रो
भागलपुर में मेट्रो का संचालन तीन लाइनों – रेड, ब्लू और ग्रीन लाइन – में किया जाएगा। सर्वे एजेंसी द्वारा ईस्ट-वेस्ट और नार्थ-साउथ कॉरिडोर के लिए स्टेशन लोकेशन और ट्रैक बिछाने की संभावनाओं का विस्तृत सर्वे किया जा रहा है।
दूसरे फेज के इस सर्वे में यह तय किया जा रहा है कि किन स्थानों पर स्टेशन बनाए जाएंगे और किस रूट से मेट्रो लाइन गुजरेगी। सर्वे पूरा होने के बाद शहर का डिजिटल मैप तैयार किया जाएगा, जिसमें भवन, सड़क, नाला, नदी, बिजली और पानी की पाइपलाइन जैसी सभी आधारभूत संरचनाओं का पूरा विवरण शामिल रहेगा। इसी मैप के आधार पर मेट्रो की नींव रखी जाएगी।
दो कॉरिडोर में बनेगा नेटवर्क
मेट्रो परियोजना के तहत दो मुख्य कॉरिडोर प्रस्तावित हैं:
दोनों कॉरिडोर में कुल मिलाकर 22 स्टेशन प्रस्तावित हैं। इनका मुख्य इंटरचेंज स्टेशन भागलपुर रेलवे स्टेशन के समीप बनाया जाएगा, जिससे यात्रियों को आसानी से कनेक्टिविटी मिल सके।
दो जगह बनेंगे यार्ड
मेट्रो के रखरखाव और पार्किंग के लिए दो यार्ड बनाए जाने की योजना है। एक यार्ड ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर में और दूसरा नार्थ-साउथ कॉरिडोर में विकसित किया जाएगा।
यार्ड के लिए जमीन की तलाश जारी है। बताया जा रहा है कि जगदीशपुर और विश्वविद्यालय के पास जमीन देखी जा रही है, जहां मेट्रो यार्ड बनाया जा सकता है।
जाम से मिलेगी राहत
मेट्रो परियोजना के शुरू होने के बाद भागलपुर शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही, लोगों को कम समय में सुरक्षित और सुगम यात्रा की सुविधा मिलेगी।
दूसरे चरण की सर्वे रिपोर्ट जमा होते ही परियोजना के अगले चरण की प्रक्रिया तेज कर दी जाएगी।
भागलपुर मेट्रो प्रोजेक्ट अपडेट: तीन लाइनों में दौड़ेगी मेट्रो, 22 स्टेशन के साथ मिलेगा जाम से छुटकारा