उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के आशियाना थाना क्षेत्र के सेक्टर-एल में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक पैथोलॉजी संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई और शव के टुकड़े कर घर में ड्रम में छिपा दिए गए। घटना का खुलासा तब हुआ जब पड़ोसियों ने घर से आ रही तेज बदबू की सूचना पुलिस को दी।
मृतक की पहचान सेक्टर-एल निवासी मानवेंद्र सिंह के रूप में हुई है, जो वर्धमान पैथोलॉजी के मालिक बताए जा रहे हैं। उनके कई जिलों में पैथोलॉजी सेंटर और शराब की दुकानें भी संचालित थीं।
बदबू से खुला राज, घर में मिला आधा-आधा शव
सोमवार शाम पड़ोसियों ने घर से बदबू आने पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब मकान की तलाशी ली तो एक मंजिल पर शव का धड़ और दूसरी मंजिल पर उसका अन्य हिस्सा बरामद हुआ। शव को ड्रम में छिपाकर रखा गया था।
फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने पूरे घर को सील कर जांच शुरू कर दी।
पहले गोली मारी, फिर किए टुकड़े
पुलिस जांच में सामने आया है कि 20 फरवरी 2026 की सुबह करीब 4:30 बजे पिता-पुत्र के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि आवेश में आकर बेटे ने अपने पिता को गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने साक्ष्य मिटाने की कोशिश की। उसने शव को तीसरी मंजिल से नीचे लाकर खाली कमरे में रखा और शव के टुकड़े कर दिए। कुछ अंग कथित रूप से सदरौना क्षेत्र के पास फेंक दिए गए, जबकि बाकी हिस्सा ड्रम में छिपा दिया गया।
खुद ही दर्ज कराई थी गुमशुदगी
चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी बेटे अक्षत प्रताप सिंह उर्फ राजा (21 वर्ष) ने 23 फरवरी को आशियाना थाने में अपने पिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मानवेंद्र सिंह अपनी बेटी (कक्षा 12 की छात्रा) और बेटे के साथ रहते थे। उनकी पत्नी का करीब 9 वर्ष पहले निधन हो चुका है।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली है।
‘नीट’ की तैयारी को लेकर बनता था दबाव
सूत्रों के मुताबिक, मानवेंद्र सिंह अपने बेटे पर ‘नीट’ परीक्षा की तैयारी को लेकर दबाव डालते थे। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और अभी आधिकारिक तौर पर किसी एक कारण की पुष्टि नहीं की गई है।
आरोपी गिरफ्तार, आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस ने आरोपी अक्षत प्रताप सिंह को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
उच्च अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और फोरेंसिक टीम द्वारा एकत्र किए गए साक्ष्यों की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
लखनऊ में दिल दहला देने वाली वारदात, बेटे ने की पिता की निर्मम हत्या