दिल्ली-एनसीआर में फरवरी के अंतिम दिनों में ही गर्मी ने तेज़ी पकड़ ली है। अधिकतम तापमान लगातार बढ़ रहा है और बुधवार को यह 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार 3 मार्च तक तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। ऐसे में राजधानी में समय से पहले ही ‘समर मोड’ की शुरुआत हो गई है।
सुबह और दोपहर के समय तेज धूप और गर्मी महसूस की जा रही है, जबकि शाम और रात में हल्की ठंड बनी हुई है। दिन-रात के तापमान में अंतर के कारण मौसम अजीब बना हुआ है। कई इलाकों में लोगों ने पंखे चलाने शुरू कर दिए हैं, वहीं कुछ जगहों पर एयर कंडीशनर का भी इस्तेमाल शुरू हो गया है।
26 फरवरी से और बढ़ेगा तापमान
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 26 फरवरी से अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी हो सकती है। फिलहाल दिन का तापमान 32°C के आसपास है, जो अगले कुछ दिनों में 34°C तक पहुंच सकता है। होली से पहले ही दिल्ली-एनसीआर में गर्मी का असर साफ दिखाई देने लगेगा।
रात का तापमान और हवा की रफ्तार
रात का न्यूनतम तापमान लगभग 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हालांकि दिन में गर्मी बढ़ रही है, लेकिन रात में हल्की ठंडक बनी रहेगी। हवाओं की रफ्तार भी घटकर करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे रह गई है। बारिश की फिलहाल कोई संभावना नहीं जताई गई है।
वेस्टर्न डिस्टरबेंस कमजोर
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) कमजोर पड़ गया है। स्काईमेट वेदर के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. महेश पलावत के मुताबिक इसका असर केवल ऊंचे पहाड़ी इलाकों तक सीमित रहेगा, जहां हल्की बारिश हो सकती है। उत्तर भारत, मध्य भारत और पूर्वी भारत में इसका खास प्रभाव देखने को नहीं मिलेगा, जिससे तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना है।
पूर्वोत्तर राज्यों—असम, अरुणाचल प्रदेश और मेघालय के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में अगले 24 घंटे बाद बारिश की गतिविधियां कम हो जाएंगी। दक्षिण भारत के तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल और कर्नाटक में बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि तमिलनाडु में हल्की बारिश हो सकती है।
कुल मिलाकर दिल्ली-एनसीआर में आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने के संकेत हैं, जिससे लोगों को समय से पहले ही गर्म मौसम का सामना करना पड़ेगा।
दिल्ली-एनसीआर में फरवरी में ही बढ़ी गर्मी, तापमान 34°C तक पहुंचने का अनुमान; IMD ने जारी किया अपडेट