वेब सीरीज सेक्रेडगेम्स में अपनी दमदार एक्टिंग से पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस राज श्री देशपांडे इन दिनों एक गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं. हाल ही में उन्होंने खुलासा किया कि उन्हें ब्रेस्ट कैंसर के शुरुआती चरण का पता चला है. हालांकि उन्होंने इस मुश्किल स्थिति का सामना हिम्मत और सकारात्मक सोच के साथ किया है और अब वह महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने की अपील कर रही हैं.
राजश्री देशपांडे ने बताया कि उन्हें इन फिल्ट्रेटिंग डक्टल कार्सिनोमा (ग्रेड-1) नाम का शुरुआती चरण का ब्रेस्ट कैंसर हुआ है. उन्होंने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की वजह से बीमारी का पता समय रहते चल गया, जिससे इलाज की संभावना काफी बेहतर हो गई.
नियमित जांच से समय पर चला बीमारी का पता
एक इंटरव्यू में राजश्री ने बताया कि शुरुआती लक्षण दिखने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें आगे की जांच कराने की सलाह दी थी. इसके बाद उन्होंने सोनोग्राफी और बायोप्सी करवाई, जिससे कैंसर की पुष्टि हुई. बेहतर इलाज के लिए वह औरंगाबाद से मुंबई आईं और विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श लिया.
उनका कहना है कि अगर उन्होंने समय पर हेल्थ चेकअप नहीं करवाया होता तो बीमारी का पता देर से चलता और स्थिति गंभीर हो सकती थी.
दोस्तों की प्रतिक्रिया ने किया हैरान
राजश्री ने बताया कि जब उन्होंने अपने दोस्तों को अपनी बीमारी के बारे में बताया तो उनकी प्रतिक्रिया उन्हें चौंकाने वाली लगी. उनके कई दोस्त, जिनकी उम्र 35 साल से ज्यादा है, उन्होंने अब तक ब्रेस्ट चेकअप या मैमोग्राफी जैसी जरूरी जांच नहीं करवाई थी.
इस अनुभव के बाद राजश्री को महसूस हुआ कि समाज में महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता अभी भी बहुत कम है.
ग्रामीण महिलाओं की स्थिति पर जताई चिंता
एक्ट्रेस ने खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं की स्थिति को लेकर चिंता जताई. उनका कहना है कि गांवों में रहने वाली महिलाएं परिवार और घरेलू जिम्मेदारियों में इतनी व्यस्त रहती हैं कि वे अपने स्वास्थ्य की अनदेखी कर देती हैं. कई जगहों पर मेडिकल जांच की सुविधाएं भी सीमित होती हैं, जिससे बीमारी का पता समय पर नहीं चल पाता.
‘कैंसर’ शब्द से डरना नहीं चाहिए
राजश्री देशपांडे का कहना है कि समाज में ‘कैंसर’ शब्द को लेकर डर और झिझक अभी भी बहुत ज्यादा है. जबकि आज के समय में चिकित्सा सुविधाएं काफी उन्नत हो चुकी हैं. अगर बीमारी का पता शुरुआती चरण में चल जाए तो इलाज की संभावना काफी बढ़ जाती है.
उन्होंने कहा कि लोगों को डरने के बजाय नियमित जांच करानी चाहिए और सही जानकारी हासिल करनी चाहिए.
महिलाओं को दिया खास संदेश
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर राजश्री देशपांडे ने लोगों से एक खास अपील भी की. उन्होंने कहा कि महिलाओं को सिर्फ फूल या उपहार देने के बजाय उनकी सेहत का ख्याल रखना ज्यादा जरूरी है.
उन्होंने सुझाव दिया कि अगर संभव हो तो महिलाओं को सोनोग्राफी, पैपस्मीयर टेस्ट या मैमोग्राम जैसी जरूरी स्वास्थ्य जांच करवाने के लिए प्रेरित करें या इसे एक हेल्थ गिफ्ट की तरह दें.
राजश्री का कहना है कि वह अपने इस अनुभव को सिर्फ निजी संघर्ष तक सीमित नहीं रखना चाहतीं. आने वाले समय में वह ब्रेस्ट कैंसर जागरूकता अभियानों और वर्क शॉप्स में हिस्सा लेकर ज्यादा से ज्यादा लोगों को जागरूक करने का प्रयास करेंगी.
ब्रेस्ट कैंसर से जूझ रहीं एक्ट्रेस राजश्री देशपांडे, महिलाओं से बोलीं- अब जांच कराने का समय आ गया है