दिल्ली मेट्रो का Silent Hero ‘राजा’ तिरंगे में विदा, CISF ने सैन्य सम्मान के साथ दी अंतिम श्रद्धांजलि

दिल्ली मेट्रो का Silent Hero ‘राजा’ तिरंगे में विदा, CISF ने सैन्य सम्मान के साथ दी अंतिम श्रद्धांजलि
December 10, 2025 at 2:54 pm

दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा में वर्षों तक अहम भूमिका निभाने वाले CISF के बहादुर के9 स्क्वॉड सदस्य ‘राजा’ को मंगलवार को पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। बेल्जियन मेलिनॉय नस्ल का 7 वर्षीय यह स्निफर डॉग दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) में तैनात था और रोजाना लाखों यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करता था।

ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद राजा का इलाज चल रहा था, लेकिन वह जिंदगी की जंग हार गया। उसके निधन के साथ CISF ने अपना सबसे भरोसेमंद, साहसी और समर्पित साथी खो दिया।

विदाई समारोह में भावुक दृश्य देखने को मिला। राजा के पार्थिव शरीर को तिरंगे में लपेटा गया और फूलों से सजाकर जवानों ने सलामी दी। पूरी यूनिट ने मौन धारण कर उसे श्रद्धांजलि दी।

CISF अधिकारियों ने बताया कि राजा ने अपने करियर में कई बार विस्फोटक सामग्री का पता लगाकर संभावित बड़ी दुर्घटनाओं को रोका। उसकी सूंघने की क्षमता, सटीकता और अनुशासन के कारण उसे हमेशा सबसे चुनौतीपूर्ण ड्यूटी पर चुना जाता था।

जवानों के लिए राजा सिर्फ एक डॉग नहीं बल्कि परिवार का सदस्य था—एक ऐसा साथी जो बिना बोले हर खतरे को भांप कर सबसे आगे खड़ा रहता था। CISF ने कहा, “राजा ने हमें हमेशा याद दिलाया कि असली नायक हर रूप में आते हैं… कभी-कभी चार पैरों पर भी।”