Landslide On Vaishno Devi Route In Jammu: जम्मू-कश्मीर में माता वैष्णो देवी धाम की ओर जाने वाले रास्ते पर भारी बारिश से भूस्खलन हो गया। हादसे में 34 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है, जबकि करीब 50 लोगों के घायल होने की खबर है। अर्द्धकुंवारी के पास हुए भूस्खलन ने यात्रा मार्ग को प्रभावित कर दिया है। जो जहां था वहीं फंसा रह गया है। राहत एवं बचाव कार्य अब जारी है। मौसम विभाग ने आगे भी भारी बारिश की चेतावनी दी है।
ये भूस्खलन वैष्णो देवी धाम के मार्ग पर स्थित अर्द्धकुंवारी पर एक भोजनालय के पास हुआ। इस भूस्खलन से त्रिकुटा पहाड़ी पर स्थित मंदिर मार्ग का बड़ा हिस्सा मलबे में तब्दील हो गया। आशंका है कि मलबे में अभी भी और लोग दबे हो सकते हैं। सेना और प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
जम्मू-कश्मीर में वैष्णो देवी मंदिर मार्ग के अलावा जम्मू में 3 ओवरब्रिज ढह गए हैं, बिजली लाइन और मोबाइल टावरों को भारी नुकसान पहुंचा है। भूस्खलन के बाद श्री माता वैष्णो देवी धाम की यात्रा को रोक दिया गया है। पिछले 4 दिन से भारी बारिश से जम्मू संभाग के लगभग सभी जिलों में आपदा आई हुई है। जहां देखो वहां भारी क्षति हुई है। जम्मू की सभी प्रमुख नदियां खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं। प्रशासन के आवाहन पर प्रभावित क्षेत्रों में सैकड़ों लोगों ने सुरक्षित स्थानों पर शरण ली है।
जम्मू में जगह जगह भूस्खलन से जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया है। जम्मू स्टेशन से कई मार्गों पर चलने वाली 48 ट्रेनें रद्द कर दी गईं हैं। जम्मू एयरपोर्ट से श्रीनगर जाने वाली दो उड़ानों को भी रद्द किया गया है। जम्मू में रावी नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। नदी के पास रह रहे सभी परिवारों को हटाया गया है। यहां पानी का 1.25 लाख क्यूसेक तक पहुंच गया है। रावी के अलावा चिनाब, सेवा, तरनाह खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं। उधमपुर में भी तवी नदी खतरे के निशान के ऊपर बह रही है। तवी नदी के खतरे के निशान से ऊपर बहने के कारण गोरखानगर, राजीवनगर, गुज्जरनगर, निक्की तवी व गोल तवी इलाके से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है।
श्रीनगर के मौसम विज्ञान केंद्र ने जम्मू संभाग में अगले 24 घंटे में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। सभी सरकारी व निजी स्कूलों के साथ ही कॉलेज, कोचिंग, विश्वविद्यालय अगले आदेश तक के लिए बंद कर दिए गए हैं। कई परीक्षाओं को भी टाल दिया गया है। गैर जरूरी कार्यालय बंद किए गए हैं। प्रशासन ने रात 9 बजे के बाद आम लोगों के आवागमन पर पाबंदी लगाई है।
जम्मू कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला ने लगातार भारी बारिश से आई बाढ़ से निपटने के उपायों की समीक्षा के लिए एक बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को हाई अलर्ट बनाए रखने और सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। वहीं X पर पोस्ट में मुख्यमंत्री ने लिखा, “मैं स्थिति पर व्यक्तिगत रूप से नजर रखने के लिए श्रीनगर से जम्मू के लिए अगली उपलब्ध उड़ान से जाऊंगा।”