कश्मीर में ठंड का 50 साल का रिकॉर्ड टूटा, दिल्ली-NCR और यूपी समेत पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार।

कश्मीर में ठंड का 50 साल का रिकॉर्ड टूटा, दिल्ली-NCR और यूपी समेत पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार।
December 22, 2024 at 4:56 pm

Srinagar Records Coldest Night in 50 Years: मौसम विभाग के अनुसार, श्रीनगर में पिछले 5 दशकों में दिसंबर की सबसे ठंडी रात रही। कल रात का तापमान माइनस 8.5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया। रविवार, 22 दिसंबर की सुबह श्रीनगर में तापमान शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। शीतलहर की तीव्रता इतनी ज़्यादा थी कि डल झील की सतह भी जम गई।

50 साल पहले 1974 में दिसंबर की एक रात अब तक की दूसरी सबसे ठंडी रात थी, जब शहर में न्यूनतम तापमान शून्य से 10.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था। दिसंबर महीने में श्रीनगर का अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान 13 दिसंबर 1934 को शून्य से 12.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था। ‘चिल्ले कलां’ 31 जनवरी 2025 को खत्म हो होगा, लेकिन उसके बाद भी घाटी में शीत लहर की स्थिति बनी रहेगी।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर भारत में पड़ रही कड़ाके की ठंड के बीच बारिश का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब समेत कई राज्यों में अगले कुछ दिनों में बारिश होने वाली है। बारिश के साथ ही अगले 5 से 7 दिनों तक शीतलहर चलने की भी संभावना है। इस बीच, रविवार की सुबह दिल्ली में कोहरा छाया रहा और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राष्ट्रीय राजधानी और उसके आसपास के इलाकों में लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा लेते नजर आए। राजस्थान के कुछ जिलों में भी तीव्र शीतलहर की स्थिति रही, जहां रविवार को करौली में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

IMD के अनुसार, जम्मू कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में तापमान 0 डिग्री सेल्सियस से कम रहेगा। 24 से 26 दिसंबर तक हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड, पंजाब और हरियाणा में कड़ाके की ठंड देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने कई उत्तर भारत के कई राज्यों में कोल्ड वेव की चेतावनी जारी की है। वहीं गुजरात और महाराष्ट्र समेत मध्य भारत में तापमान 10-15 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में तापमान 0-5 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।