India Won Hockey Asia Cup 2025: रविवार 6 सितंबर को बिहार के राजगीर में आयोजित हॉकी एशिया कप 2025 के फाइनल मुकाबले में भारत ने दक्षिण कोरिया को 4-1 से रौंद कर खिताब पर कब्जा कर लिया। भारत को यह उपलब्धि 8 साल बाद मिली है। जबकि 5 बार की विजेता दक्षिण कोरिया को इस बार हार का मुंह देखना पड़ा।
भारतीय टीम ने मौजूदा चैंपियन दक्षिण कोरिया को मात दे कर खिताब तो जीता ही, साथ ही अगले साल बेल्जियम और नीदरलैंड की संयुक्त मेजबानी में होने वाले विश्व कप के लिए भी क्वालिफाई कर लिया। भारत ने यह उपलब्धि हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी में हासिल की। 2025 एशिया कप की यह जीत भारत की अब तक की चौथी जीत है। इससे पहले भारत ने 2003, 2007 और 2017 में भी एशिया कप जीता था। 4 बार खिताब जीतने के साथ भारत 5 बार उपविजेता भी रहा है। 1982, 1985, 1989, 1994 और 2013 में भारत को फाइनल में हार मिली थी।
भारत ने मैच में शुरुआत से ही दबाव बनाते हुए खेल के पहले ही मिनट में गोल दागकर भारत को बढ़त दिला दी। पहला गोल सुखजीत सिंह ने दागा। खेल के 8वें मिनट में भारत को पेनाल्टी स्ट्रोक का फायदा मिल सकता था लेकिन जुगराज सिंह ये फायदा उठाने से चूक गए। खेल के पहले क्वार्टर में भारत 1-0 से आगे रहा।
पहले क्वार्टर के तरह ही भारत ने दूसरे क्वार्टर में भी अपना दबदबा बनाए रखा। दूसरा गोल दिलप्रीत सिंह ने खेल के 27वें मिनट में दागा। तीसरे क्वार्टर में दक्षिण कोरिया ने लगातार पेनल्टी कॉर्नर हासिल कर वापसी की अच्छी कोशिश की, लेकिन भारत की मजबूत डिफेंस के कारण कोरिया पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील नहीं कर सका। वहीं दिलप्रीत सिंह ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अपना दूसरा और भारत का तीसरा गोल दागा। दूसरे क्वार्टर के अंत तक भारत का स्कोर 3-0 था।
चौथे और अंतिम क्वार्टर की शुरुआत में ही भारत के अमित रोहिदास ने शानदार फील्ड गोल कर स्कोर को 4-0 पहुंचा दिया। हालांकि एक मिनट बाद ही 50वें मिनट में कोरिया के डैन सन ने कोरिया को पहला गोल दिलाकर स्कोर को 4-1 कर दिया। शेष बचे खेल में भी भारतीय टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कोरिया को गोल करने का कोई मौका नहीं दिया।