भोजेश्वर महादेव मंदिर, भोजपुर, मध्यप्रदेश

भोजेश्वर महादेव मंदिर, भोजपुर, मध्यप्रदेश
July 7, 2025 at 6:53 am

भोजेश्वर महादेव मंदिर, भोजपुर: भगवान शिव को समर्पित यह मंदिर भारत के मध्यप्रदेश प्रांत की राजधानी भोपाल से 32 किमी दूर भोजपुर गांव में स्थित है। भोजपुर के इस शिव मंदिर को उत्तर भारत का सोमनाथ भी कहा जाता है। इस मंदिर को 11वीं सदी में परमार वंश के प्रतापी राजा भोज द्वारा बनवाया गया था। एक और मान्यतानुसार, यह मंदिर पांडव काल का बना हुआ है। भोपाल के इतिहासकारों की माने तो ये एकलौता शिवलिंग है जो एक ही पत्थर से बना हुआ है। मंदिर के आस पास का दृश्य काफी मनोरम है और महा शिवरात्रि के पावन पर्व में यहां श्रद्धालुओं का तांता लगता है। राज्य सरकार द्वारा भोजपुर उत्सव का आयोजन हर साल किया जाता है।

इतिहासकारों के अनुसार, भोजेश्वर महादेव मंदिर (Bhojeshwar Mahadev Temple) का निर्माण एक ही रात में करना था, लेकिन ऐसा हो न सका। सूर्य उदय हो गए और मंदिर तब तक जितना बन पाया उतना ही आज तक है। हालांकि इसके पीछे के पूर्ण साक्ष्य नहीं है। लेकिन ऐसा माना जाता है और इसके बाद इस मंदिर का निर्माण आज तक अधूरा ही है। सूर्योदय तक इसके ऊपर के गुंबद तक का ही कार्य हो पाया था और अधूरा गुंबद इस बात का सबूत है की यह मंदिर आज भी अधूरा है। वास्तुविदों के अनुसार, अगर यह मंदिर पूरा बन जाता तो संभवतः पूरे देश में सबसे बड़ा मंदिर होता। भोजपुर उत्सव के दौरान यहां इतनी भीड़ होती है कि पैर रखने तक की जगह नहीं होती।

मंदिर के पुजारी बताते हैं कि यह शिवलिंग भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में मौजूद शिव मन्दिरों में सबसे ऊंचा एवं विशाल शिवलिंग है। इस मंदिर में भोलेनाथ की पूजा अर्चना करने के लिए आप खड़े होकर ही जलाभिषेक कर सकते हैं। यहां जल हमेशा जलहरी पर चढ़कर ही किया जाता है। मन्दिर का प्रवेशद्वार भी किसी हिन्दू भवन के दरवाजों में सबसे बड़ा है। मंदिर 115 फीट लंबे, 82 फीट चौड़े और 13 फीट ऊंचे चबूतरे पर बनाया गया है। शिवलिंग आधारसहित 40 फीट ऊंचा है। शिवलिंग की ऊंचाई 7.5 फीट, व्यास 5.8 फीट है। यह शिवलिंग 21.5 फीट वर्गाकार आधार (जलहरी) पर स्थापित है।